बता दें कि पहले यह ट्रेन मंगलवार से चलनी थी, लेकिन किसी कारण यह ट्रेन मंगलवार को नहीं चल पाई। इसके बाद रेलवे बोर्ड ने इसे बुधवार को चलाने का फेंसला लिया है। बाकायदा इसके लिए शेड्यूल भी जारी किया गया है।
गुरुवार को यह ट्रेन शिमला-कालका डाउन (04516) शिमला से सुबह 10:40 बजे रवाना होगी जोकि शाम 4:10 बजे कालका पहुंचेगी। रेलवे ने 21 अक्तूबर से 30 नवंबर तक फेस्टिवल सीजन के मद्देनजर इस स्पेशल ट्रेन के संचालन का फैसला लिया है।
गौरतलब हो की सात महीने के लंबे अंतराल के बाद बुधवार को कालका-शिमला हेरिटेज रेलवे ट्रैक से होते हुए स्पेशल ट्रेन शिमला पहुंची। पर्यटकों को हिमाचल की वादियों का दीदार करवाने के लिए रेलवे बोर्ड ने कालका से शिमला रेल मार्ग पर फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन का संचालन शुरू कर दिया है। ट्रेन 22 अक्तूबर को शिमला से वापस कालका के लिए चलेगी। हालांकि, बुधवार को सोलन से सफर करने के लिए केवल एक ही रिजर्वेशन थी। सोलन रेलवे स्टेशन पर यह ट्रेन 2 बजकर 40 मिनट पर पहुंची। फिलहाल, ट्रेन में सवारियों की संख्या न के बराबर है।
कुल सात कोच होंगे
कालका-शिमला एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन दो लग्जरी डिब्बों सहित सात डिब्बों के साथ शिमला पहुंचेगी। ट्रेन में सीजेड श्रेणी के 3 डिब्बे, सीजेडआर श्रेणी का 1 डिब्बा, जीएस श्रेणी का 1 डिब्बा, और एफसीजेड श्रेणी के 2 डिब्बे होंगे।













