DNN बद्दी
18 सितंबर। प्रदेश के सबसे बड़े औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन में कामगारों का शोषण रूकने का नाम नहीं ले रहा है। हालात इतने बदतर हैं कि उद्योगों में कामगारों को सरकार द्वारा तय न्यूनतम वेतन तक नहीं दिया जा रहा। उद्योगों में हिमाचली कामगारों को रोजगार नहीं दिया जाता, अगर हिमाचली युवकों को रख भी लिया जाए तो उन्हें प्रताड़ित किया जाता है। उद्योगों में ठेकेदारी प्रथा हावी है और ठेकेदार भी प्रवासी कामगारों का शोषण कर रहे हैं। इंटक के प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव शर्मा ने बद्दी के भुड्ड स्थित एक कंपनी की शिकायत श्रम आयुक्त व श्रम मंत्री समेत अन्य विभागों को भेजकर कामगारों को न्याय दिलाने का मामला उठाया है। इंटक के प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव शर्मा ने कहा कि अगर 15 दिनों के भीतर उद्योग पर कार्रवाई नहीं होती या फिर कामगारों की समस्याओं का हल नहीं होता तो इंटक उद्योग के खिलाफ प्रदर्शन करने को विवश हो जाएगी।
श्रम आयुक्त को भेजी शिकायत में राजीव शर्मा ने बताया कि भुड्ड स्थित कोमेड कैमिकल उद्योग में ठेकेदारी प्रथा हावी है। हिमाचली युवकों को काम पर नहीं रखा जाता और अगर रख भी लिया तो उन्हें विभिन्न तरीकों से प्रताडि़त उन्हें नौकरी छोडऩे को मजबूर कर दिया जाता है। उद्योग में कामगारों के साथ बदसूलकी की जाती है जिसे इंटक बर्दाश्त नहीं करेगी। कोमेड कैमिकल में अभी तक कामगारों को पहचान पत्र तक नहीं दिए गए हैं। न ही उद्योग में कैंटीन की व्यवस्था है। कंपनी द्वारा कामगारों को न तो वर्दी दी जाती है और न ही धुलाई भत्ता दिया जा रहा है। उद्योग में श्रमिकों को ओवर टाईम भी सिंगल दिया जिसे डब्ल किया जाना चाहिए। उद्योग में श्रम कानूनों को तत्काल प्रभाव से लागू किया जाए। कोमेड उद्योग में प्रदेश सरकार द्वारा तय न्यूनतम वेतन भी कामगारों को नहीं दिया जा रहा। इंटक उपाध्यक्ष राजीव शर्मा ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर 15 दिनों के भीतर उद्योग कामगारों की सभी समस्याओं का हल नहीं करता तो इंटक उद्योग के खिलाफ धरना प्रदर्शन करेगा जिसकी जिम्मेदारी उद्योग प्रबंधन व प्रशासन की होगी।
—- बाक्स : कामगारों के उत्पीडऩ के लिए उद्योग प्रबंधन व सरकार जिम्मेदार
इंटक के प्रदेशाध्यक्ष बबलू पंडित ने कहा कि आज हिमाचल में कामगारों के हो रहे उत्पीडऩ के लिए उद्योग प्रबंधन व सरकार जिम्मेदार है। अगर सख्ती से श्रम कानूनों को लागू किया जाता तो आज कामगार फटेहाल जिंदगी जीने को मजबूर नहीं होता। बबलू पंडित ने कहा कि इंटक किसी भी कीमत पर कामगारों का शोषण बर्दाश्त नहीं करेगी।















