शिमला घंडल के पास HRTC बस और कार की टक्कर, तीन की मौत

Crime Others Solan
एक घायल IGMC में उपचाराधीन, हादसे में बस सवार सभी यात्री सुरक्षित
Dnewsnetwork
शिमला। पुलिस थाना बालूगंज के तहत धामी के समीप घंडल में गुरुवार को HRTC बस और कार के बीच हुई सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का उपचार IGMC शिमला में चल रहा है। हादसे में HRTC बस में सवार किसी भी यात्री को चोट नहीं आई।
पुलिस के अनुसार 24 सितंबर 2026 को पुलिस चौकी धामी को घंडल के समीप HRTC बस और एक कार के बीच सड़क दुर्घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू की।
दुर्घटना के समय कार में कुल चार लोग सवार थे, जिनमें दो पुरुष और दो महिलाएं शामिल थीं। हादसे में एक पुरुष और एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य महिला ने IGMC शिमला में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। कार चालक मनीश पुत्र दयानन्द गंभीर रूप से घायल है और उसका अस्पताल में उपचार जारी है।
 एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि मृतकों की पहचान दयानन्द पुत्र ठाकरू राम, निवासी गांव फान्जी, डाकघर घणागूघाट, तहसील अर्की, जिला सोलन, उम्र 57 वर्ष; उनकी पत्नी हेमलता, उम्र 52 वर्ष तथा विद्यादेवी पत्नी ठाकरू राम, उम्र 75 वर्ष के रूप में हुई है।
पुलिस थाना बालूगंज में हादसे के संबंध में अभियोग संख्या 198/2026 के तहत धारा 281, 125(a) और 106(1) BNS में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों को लेकर आगामी जांच एवं अन्वेषण जारी है।

Latest News