
Dnewsnetwork
12 व 13 नवंबर को हिमाचल में मौसम का मिजाज बदलने जा रहा है। प्रदेश के कई जिला में मौसम विभाग ने अर्ल्ट जारी किया है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश के कई जिलों में आंधी, बारिश और बिजली कड़कने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 12 और 13 नवम्बर के लिए अलग-अलग जिलों में यैलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। वहीं, 11 से 15 नवम्बर तक लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू और चम्बा के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। इससे इन इलाकों में तापमान में और गिरावट आने तथा ठंड बढ़ने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार 12 नवम्बर को चम्बा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों में आंधी चलने, बिजली कड़कने और बारिश की चेतावनी दी गई है। इसके अगले दिन 13 नवम्बर को शिमला सहित चम्बा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी में मौसम खराब रहने का अनुमान है। इन सभी जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव 10 नवम्बर से दिखना शुरू होने की संभावना है।

फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है। सोमवार को शिमला सहित अधिकांश क्षेत्रों में धूप खिली रही। दिन में धूप से मौसम सुहावना बना हुआ है, जबकि सुबह और रात के समय ठंड का असर बढ़ रहा है। प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रात का तापमान लगातार गिर रहा है। सोमवार को कुकुमसेरी प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान माइनस 1.8 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। ताबो में 0.1, केलांग में 1.2, कल्पा में 3.2, सेओबाग में 6.0 और मनाली में 6.2 डिग्री सैल्सियस न्यूनतम तापमान रहा।















