15 जनवरी तक पूरा होगा न्यू हरोली विकास पथ: मुकेश अग्निहोत्री

Politics Una

न्यू हरोली में लगभग 100 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाएं
Dnewsnetwork
ऊना, 7 नवम्बर। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि रामपुर पुल से हरोली जल भवन तक बन रहे न्यू हरोली विकास पथ का काम 15 जनवरी तक पूरा कर लिया जाएगा। विकास पथ पर जल्द लाइटें लगाई जाएंगी, ताकि लोग रात में भी आसानी से पैदल चल सकें। सड़क को दोनों ओर चौड़ा करने के बाद पैदल चलने के लिए सुंदर रास्ता बनाया जाएगा। यहां फूड कोर्ट भी विकसित किया जाएगा। रामपुर पुल से जल भवन तक सड़क किनारे सौंदर्यीकरण पर 4 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।


उप मुख्यमंत्री शुक्रवार देर शाम अधिकारियों के साथ रामपुर पुल  पहुंचे और वहां चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने हैलीपोर्ट और सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक के निर्माण की प्रगति की समीक्षा की और काम पर संतोष जताया। उन्होंने अधिकारियों को सभी परियोजनाओं में आपसी तालमेल रखते हुए काम समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि रोड़ा में न्यू हरोली की लगभग 100 करोड़ रुपये की परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं या प्रस्तावित हैं। करीब 22 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक हैलीपोर्ट बनाया जा रहा है। स्थल समतलीकरण का काम पूरा हो चुका है और टर्मिनल भवन की नींव का काम जारी है। परियोजना को अप्रैल 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य है। करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से सिंथेटिक  एथलेटिक्स ट्रैक का निर्माण भी प्रगति पर है।
न्यू हरोली में जिला एटीएस, पूर्व सैनिक भवन, न्यायालय परिसर, इंडोर स्टेडियम, मेला ग्राउंड और उद्योग तथा जल शक्ति विभाग के कार्यालय बनाने की भी योजना है। उप  मुख्यमंत्री ने कहा कि न्यू हरोली को आधुनिक सुविधाओं और सुनियोजित विकास के साथ एक नए केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।

Latest News