नालागढ़ में युवक पर चली गोलियां, आरोपी साहिल फरार; गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें गठित

Crime Nalagarh

-घायल मोहम्मद असलम उर्फ बल्लू अस्पताल में भर्ती, एसपी बद्दी विनोद कुमार ने घटनास्थल का किया निरीक्षण

Dnewsnetwork

नालागढ़, 10 नवंबर। नालागढ़ में रामशहर रोड स्थित लकड़ डिपो के पास मंगलवार को एक युवक पर गोली चलाने का मामला सामने आया है। इस फायरिंग की घटना में मोहम्मद असलम उर्फ बल्लू पुत्र गुलाम रसूल, निवासी वार्ड नंबर-7, नालागढ़ घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से मोटरसाइकिल पर फरार हो गया। घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) नालागढ़ पहुंचाया गया।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता जोगिंद्र सिंह निवासी गांव पन्नर, तहसील नालागढ़ की शिकायत के आधार पर पुलिस थाना नालागढ़ में आरोपी साहिल पुत्र राजेंद्र सिंह, निवासी नालागढ़ के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 व 351(2) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25, 54 व 59 के तहत मामला दर्ज किया गया है। शिकायत के अनुसार, आरोपी साहिल ने मोहम्मद असलम उर्फ बल्लू पर गोलियां चलाईं और वारदात को अंजाम देने के बाद मोटरसाइकिल पर फरार हो गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी बद्दी विनोद कुमार ने स्वयं घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया तथा पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए पुलिस की अलग-अलग विशेष टीमें गठित की हैं। पुलिस टीमें आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। इसके साथ ही घटना के पीछे के कारणों सहित मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।

एसपी बद्दी विनोद कुमार ने बताया कि फायरिंग की घटना को गंभीरता से लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमें गठित की गई हैं और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। मामले में आगामी जांच एवं कानूनी कार्रवाई जारी है।

Latest News