तीन स्पा सेंटरों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 7 युवतियां रेस्क्यू

Baddi + Doon Crime
Dnewsnetwork
बद्दी, 8 अगस्त। बद्दी पुलिस ने क्षेत्र में स्पा सेंटरों की आड़ में चल रही कथित अवैध गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए साईं रोड स्थित तीन स्पा सेंटरों पर दबिश दी। पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान तीनों स्पा सेंटरों से 7 युवतियों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। पुलिस ने संबंधित स्पा सेंटरों के संचालकों और मैनेजरों के खिलाफ पुलिस थाना बद्दी में अभियोग दर्ज किए हैं।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान के निर्देशों पर तथा उप पुलिस अधीक्षक बद्दी योगराज चंदेल के नेतृत्व में गठित अलग-अलग पुलिस टीमों द्वारा अमल में लाई गई। पुलिस टीमों ने क्षेत्र में संचालित विभिन्न स्पा सेंटरों की जांच एवं निगरानी के दौरान साईं रोड स्थित Spa में दबिश दी।
पुलिस के अनुसार जांच के दौरान इन तीनों स्पा सेंटरों में अवैध गतिविधियों का संचालन पाए जाने पर कार्रवाई की गई। इस दौरान वहां मौजूद 7 युवतियों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। पुलिस ने युवतियों की सुरक्षा और गरिमा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और बाद में उन्हें उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस ने तीनों स्पा सेंटरों के संचालकों एवं संबंधित मैनेजरों के विरुद्ध मामले दर्ज कर लिए हैं। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर मामलों में आगामी कानूनी कार्रवाई नियमानुसार जारी है।
एसपी बद्दी विनोद धीमान ने कहा कि स्पा सेंटर या किसी अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान की आड़ में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे प्रतिष्ठानों पर पुलिस की लगातार निगरानी रहेगी और कानून का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त एवं प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि बद्दी पुलिस क्षेत्र में अवैध गतिविधियों की रोकथाम, आमजन की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। भविष्य में भी अवैध गतिविधियों के खिलाफ इसी प्रकार प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

News Archives

Latest News