DNN ऊना
15 सितंबर। जिला के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल मंदिर माता चिंतपूर्णी क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का जायजा लेने के लिए उपायुक्त ऊना राघव शर्मा ने आज दौरा कर निरीक्षण किया। उन्होंने इस दौरान विकास कार्यों में तेजी लानेे के संबंधित विभागों को निर्देश दिए। डीसी राघव शर्मा ने बताया कि मंदिर क्षेत्र के बाजार में सीवरेज की लाईन बिछाने के कारण उखाड़े गए रास्ते को जल्द दुरुस्त किया जाएगा। उन्होने बताया कि इस रास्ते में गेट नेंबर 1 से मंदिर तक बढ़िया किस्म का मार्बल लगाया जाएगा। इसके लिए पुजारियों के साथ वार्ता करके एक सप्ताह के भीतर मार्बल के सैंपल का चयन करने को कहा गया है। उन्होंने बताया कि भरवाईं तहसील में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 5.50 लाख रुपये से बनाए जा रहे शैड को 8 से 10 दिनो के भीतर तैयार करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि केन्द्र सरकार की योजना के तहत पीडब्ल्यूडी इलैक्ट्रिकल के माध्यम से मंदिर क्षेत्र में 7 एलईडी स्क्रीनें लगाई जाएंगी। इनमें दो बड़ी स्क्रीनें स्थापित की जाएंगी जिनमें से एक पुराना बस अड्डा और एक एडीबी बिल्डिंग के बाहर स्थापित की जाएगी। इसके अलावा मंदिर परिसर में 65 इंच की 5 एलईडी स्क्रीनें स्थपित की जाएंगी।
इस मौके पर समनोली बाइपास का भी डीसी राघव शर्मा ने दौरा कर कार्य की प्रगति का जायजा लिया। बाईपास के रुके हुए कार्य को लेकर डीसी ने उन लोगों के साथ व्यक्तिगत रुप से बात की जिनकी जमीन इस बाईपास में आ रही हैं। उन्होंने कहा कि जमीन को लेकर उत्पन्न मतभेद को शीघ्र समाप्त करने के लिए राजस्व विभाग को निर्देश दिए गए हैं ताकि बाईपास निर्माण को जल्द से जल्द पूरा किया जा सके। इस अवसर पर एसडीएम अंब मनेश यादव, मंदिर अधिकारी रोहित जाल्टा, एसीएफ आशीष शर्मा, एसडीओ राज कुमार जसवाल, सहित पुजारी रविन्द्र शिन्दा, भूषण कालिया, जीत लाल कालिया, छपरोह की प्रधान शशि बाला एक्सईएन पीडब्ल्यूडी इलैक्ट्रिकल सहित अन्य उपस्थित रहे।















