DNN बिलासपुर
4 दिसम्बर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार फोटोयुक्त मतदाता सूचियों के संक्षिप्त पुनरीक्षण का कार्य 16 नवम्बर, 2020 से प्रारम्भ हो गया है। इस सन्दर्भ में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त मतदाता सूची पर्यवेक्षक (म्समबजवतंस त्वसस व्इेमतअमत) मण्डलायुक्त, मण्डल मण्डी विकास लाबरू, (भा.प्र.से.) की अध्यक्षता में जिला निर्वाचन अधिकारी (उपायुक्त) रोहित जम्वाल (भा.प्र.से.) की उपस्थिति में समस्त मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एस.डी.एम.) सदर बिलासपुर, तहसीलदार (निर्वाचन), नायब तहसीलदार (निर्वाचन), निर्वाचन कानूनगो व निर्वाचन लिपिक के साथ मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण-
2021 को सफल बनाने हेतु बैठक का आयोजन किया गया।
उन्होंने बताया कि जिला बिलासपुर के चार विधान सभा निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 415 मतदान केन्द्र हैं। उन्होंने राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को बूथ लेवल एजैन्टों के माध्यम से व्यापक प्रचार करने का आग्रह किया तथा कहा कि प्रत्येक मतदान केन्द्र पर बूथ लेवल एजैन्ट नियुक्त करना सुनिश्चित करें ताकि त्रुटिरहित मतदाता सूचियों को तैयार करने में राजनैतिक दलों की सहभागिता सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने जानकारी दी कि फोटोयुक्त मतदाता सूचियों के सम्बन्धित भाग की प्रति मतदान केन्द्र पर प्रतिनियुक्त अभिहित अधिकारियों एवं बूथ लेवल अधिकारियों के पास आम जनता के निःशुल्क निरीक्षण हेतु 16 नवम्बर से 15 दिसम्बर, 2020 तक उपलब्ध रहेंगी। उन्होंने बताया कि प्रथम जनवरी, 2021 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले या इससे पूर्व ही इससे अधिक आयु पूर्ण कर चुके पात्र नागरिक फार्म न0 6 भरकर फोटोयुक्त मतदाता सूचियों में अपना नाम दर्ज करवा सकते हैं। मृत्यु, विवाह या अन्य कारण से स्थान परित्याग कर चुके मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने हेतु फार्म-7 पर आक्षेप किया जा सकता है। मतदाता सूची में किसी अशुद्ध प्रविष्टि को शुद्ध करवाने हेतु फार्म 8 पर दावा प्रस्तुत किया जा सकता है। किसी विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र में एक मतदान केन्द्र से दूसरे मतदान केन्द्र में स्थान परिवर्तन पर फार्म 8-क पर दावा प्रस्तुत किया जा सकता है।
इस अवसर पर राजनैतिक दलों के पदाधिकारी भारतीय जनता पार्टी के जिला महामंत्री आशीष ढिल्लों, सी.पी.आई.(एम.) सदस्य नीरज वासु, सी.पी.आई राज्य सचिवालय सदस्य परवेश चन्देल, सी.पी.आई. सदस्य अनुज गौतम, व बहुजन समाज पार्टी के जिला अध्यक्ष प्रेम लाल बंगा मौजूद रहे।
बैठक में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एस.डी.एम.) सदर रामेश्वर, सहायक आयुक्त उपायुक्त सिद्धार्थ आचार्य, तहसीलदार (निर्वाचन) विजय शर्मा, नायब तहसीलदार (निर्वाचन) राजेश कौंन्डल व निर्वाचन कानूनगो विपिन, रमेश चन्द तथा वरिष्ठ सहायक पंकज कपूर भी उपस्थित थे।















