DNN नालागढ़ (चड्ढा)
नालागढ़ क्षेत्र में आवारा सांड के हमले से एक बुजुर्ग को अपनी जवान गवानी पड़ी। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में प्रशासन के प्रति भारी रोष है, क्योंकि इस मामले को लेकर वे पहले ही प्रशासन के अधिकारियों को लिखित तौर पर शिकायत दे चुके थे। लेकिन बावजूद इसके कोई भी कार्यवाई नहीं हुई और इस बुजुर्ग पर सांड ने हमला कर दिया जिसमें उसकी जान चली गई। वहीं लोगों का कहना है कि घटना के बाद लोग काफी भयभीत हैं और वे अपने घर के बच्चों को भी बाहर नहीं निकलने दे रहे हैं।
मामला नालागढ़ मंडल के प्लासीकलां गांव का है जहां पर एक बुजुर्ग राम आसरा गांव के पास स्थित बाबा बालक नाथ मंदिर से माथा टेकने के बाद जब वापस अपने घर जा रहा था तो रास्ते में आवारा सांड ने बुजुर्ग व्यक्ति को अपना शिकार बना दिया। घटना में 65 वर्षीय बुजुर्ग राम आसरा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से ही स्थानीय ग्रामीणों में खासा रोष देखा जा रहा है। ग्रामीणों का कहना कि वह बीते 6 महीने से नालागढ़ प्रशासन व प्रदेश सरकार से इस आवारा सांड को लेकर लिखित शिकायतें कर चुके हैं लेकिन न तो स्थानीय प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई की गई और न ही सरकार की ओर से इस पर अब तक कोई ठोस कदम उठाया गया है।
इस आवारा सांड की वजह से एक दर्जन के करीब गांव के लोग घायल हो चुके हैं और आवारा सांड की वजह से लोगों का आप अपने घरों से निकलना मुश्किल हो चुका है।















