DNN सोलन
15 नवम्बर। मुख्य संसदीय सचिव (उद्योग, राजस्व एवं नगर नियोजन) एवं दून के विधायक राम कुमार चौधरी ने कहा कि दून विधानसभा क्षेत्र का एक समान एवं संतुलित विकास उनकी प्राथमिकता है और इस दिशा में उनके प्रयास फलीभूत हो रहे हैं। राम कुमार आज आज दून विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत जाडला के नैना देवी मंदिर में विश्वकर्मा भगवान की मूर्ति की स्थापना एवं प्राण प्रतिष्ठा के शुभ अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे।
उन्होंने तदोपरांत दून विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत मंडेसर के पंचायत घर का लोकार्पण भी किया। इस भवन के निर्माण पर 35 लाख रुपए व्यय हुए हैं। उन्होंने ग्राम पंचायत मंडेसर के दांवटा गांव में लगभग 06 लाख रुपए की लागत से निर्मित नवचेतना युवक मण्डल भवन का लोकार्पण भी किया।
राम कुमार ने इस अवसर पर कहा कि दून विधानसभा क्षेत्र का समान विकास किया जाएगा और जन-जन की समस्या का समाधान सुनिश्चित बनाया जाएगा उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्र के किसानों के लिए एक नई सिंचाई योजना पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्र में उद्योग स्थापित किया जा रहे हैं। पहाड़ी क्षेत्र में दो नए बड़े उद्योग जल्द स्थापित किए जाएंगे। इससे स्थानीय युवाओं को रोज़गार एवं स्वरोज़गार के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।
मुख्य संसदीय सचिव ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के पहाड़ी इलाकों में अधोसंरचना को मज़बूत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोगों की मांग पर क्षेत्र में आवश्यकतानुसार पेयजल टैंकों का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की सड़कों के सुदृढ़ीकरण पर 86 लाख रुपए खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आपदा के कारण बन्द पड़ी 36 पेयजल योजनाओं को पुनः सुचारू कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में भारी वर्षा से क्षतिग्रस्त पुलों का पुनः निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दून विधानसभा क्षेत्र में लगभग 80 करोड़ रुपए के विकास कार्य प्रगति पर हैं।
मुख्य संसदीय सचिव ने इस अवसर पर सभी को दीपावली, गोवर्धन-पूजा, विश्वकर्मा दिवस व भाई-दूज पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ये सभी त्योहार सनातन परंपरा के प्रतीक हैं।
उन्होंने पंचायत घर मंडेसर में ग्रिल लगाने के लिए एक लाख रुपए, रिहर से जोहड़ तक सर्म्पक मार्ग के निर्माण के लिए एक लाख रुपए, महेंद्र सिंह के घर तक पक्का सर्म्पक मार्ग के निर्माण के लिए एक लाख रुपए, रिहार तक पक्का लिंक मार्ग निर्माण के लिए के लिए 03 लाख रुपए, लावखनी से सुभाष के घर तक पक्का मार्ग निर्माण के लिए डेढ़ लाख रुपए, गुलाब देई के घर तक पक्का सम्पर्क मार्ग के निर्माण के लिए 1.50 लाख रुपए, रिहाड से धनीराम के घर तक पक्का सर्म्पक मार्ग के निर्माण के लिए 50,000 रुपए, शमशान घाट-निशाल सर्म्पक मार्ग के निर्माण के लिए डेढ़ लाख रुपए, मुख्य मार्ग से जेठी गांव तक सर्म्पक मार्ग के निर्माण के लिए 1.50 लाख रुपये स्वीकृत किए।
उन्होंने मंदिर समिति को अपनी ओर से 11000 रुपए देने की घोषणा भी की।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत दाड़वां के प्रधान रमेश ठाकुर, अन्य ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधि, शिल्पकार समिति के सदस्य, जोगिन्दर शर्मा जिला पंचायत अधिकारी जोगिंदर राणा सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।