DNN धर्मशाला
शहरी विकास आवास एवं नगर नियोजन मंत्री सरवीन चौधरी ने कहा कि समाजिक गतिविधियों एवं विकास में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा उन्हें सशक्त व सक्षम बनाने के लिए प्रभावशाली योजनाएं आरंभ की गई हैं। समावेशी समाज के निर्माण में महिलाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है।
सरवीन चौधरी आज राजकीय महाविद्यालय के त्रिगर्त सभागार में जिला प्रशासन के सौजन्य से ‘‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’’ अभियान के तहत ‘‘राष्ट्रीय बालिका दिवस’’ के अवसर पर उपस्थित मातृशक्ति को बतौर मुख्यातिथि शिरकत करते हुए बोल रही थीें।
सरवीन चौधरी ने कहा कि बालिका दिवस को मनाने का उद्देश्य समाज में बेटियों के प्रति मानसिकता में सकारात्मक परिवर्तन लाना, बच्चियों की सुरक्षा के प्रति समाज में संवेदनशीलता बढ़ाना और इसके लिए सामाजिक सहभागिता की भावना को प्रगाढ़ करना है। उन्होंने कहा कि आजकल बेटियों के जन्म दिन को भी बेटों के जन्म दिन के तरह ही मनाया जा रहा है जोकि एक सुखद अनुभूति है।
शहरी विकास मंत्री ने कहा कि महिला सशक्तिकरण के बिना समाज का चहुँमुखी विकास संभव नहीं है। उज्ज्वल कल के लिए बेटियों का सशक्तिकरण आवश्यक है। केन्द्र में मोदी सरकार व प्रदेश में जयराम सरकार ने महिला सशक्तिकरण के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं आरम्भ की हैं।
शहरी विकास मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने बेटी है अनमोल योजना के अंतर्गत बीपीएल परिवार में जन्म लेने वाली बालिका को दी जाने वाली एकमुश्त सहायता अनुदान राशि को 10 हजार से बढ़ाकर 12 हजार रुपए कर दिया है। मदर टेरेसा असहाय योजना के तहत बच्चों के पालन पोषण के लिए दी जाने वाली सहायता राशि को 4 हजार रुपए प्रति बच्चा प्रति वर्ष से बढ़ाकर 6 हजार रुपये किया गया है। मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के अन्तर्गत सहायता अनुदान को 40 हजार रुपये से बढ़ाकर 51 हजार रुपये किया गया है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ मां और स्वस्थ बच्चे की अवधारणा को बढ़ावा देने के लिए चलाए गये पोषण अभियान के तहत उत्कृृष्ट कार्य करने हेतु हिमाचल प्रदेश को पांच श्रेणियों में पुरस्कार प्राप्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मातृवन्दना योजना में श्रेष्ठ कार्य करने के लिए वर्ष 2018 में हिमाचल सर्वश्रेष्ठ राज्य के पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। शहरी विकास मंत्री ने ऐसे सफल आयोजनों के लिए जिला प्रशासन के प्रयासों की सराहना की ।
इस अवसर पर उपायुक्त कांगड़ा राकेश कुमार प्रजापति ने मुख्यातिथि का स्वागत किया व बालिका दिवस पर अपने विचार रखे।















