अब प्रतिदिन पानी मुहैया करवाएगी नगर परिषद Solan

Others Solan

DNN सोलन (Solan)

सोलन में नगर परिषद  (municipal council Solan) अब प्रतिदिन पानी मुहैया करवाएगी,  जिससे लोगों की पेयजल की शिकायतें दूर हो जाएंगी। नगर परिषद ने इसके लिए पूरी तैयारी कर ली है और कर्मचारियों को निर्देश भी दे दिए हैं। अभी तक शहर में लोगों को दूसरे व तीसरे दिन पानी मिल रहा था। सोलन शहर की पेयजल समस्याओं को दूर करने व पानी की बर्बादी को रोकने के लिए नगर परिषद ने खाका तैयार किया है। जहां पहले लोगों को दूसरे व तीसरे दिन पानी दिया जाता था व सप्लाई कई घंटों तक जारी रहती थी। इससे एक ही दिन लोगों की टंकियां भर जाती थी व अधिकतर लोगों की टंकियां लीक होकर पानी बर्बाद होता रहता था। अब ऐसा नहीं होगा और पानी का समय कम करके 2 घंटे कर दिया जाएगा,जिससे पूरा दिन टंकियां बहती नहीं रहेगी। लोगों को प्रतिदिन पानी मिलेगा तो अधिक पानी स्टोर करने की भी जरूरत नहीं रहेगी। ऐसे में समय कम होने से पानी की भी बचत होगी और यह पानी अन्य लोगों के घरों तक पहुंचेगा। अभी यह प्रयोग त्यौहारों के दौरान किया जाएगा और लोगों को प्रतिदिन 2 घंटे पानी मिलेगा। यह प्रयोग सफल रहा तो आगे भी इस पर अमल किया जाएगा। बता दें कि नगर परिषद को गिरी पेयजल योजना व अश्विनी खड्ड पेयजल योजनाओं से जल शक्ति विभाग द्वारा पेयजल आपूर्ति की जाती है। सोलन शहर में करीब 18 से 20 लाख गैलन पानी की आवश्यक्ता प्रतिदिन रहती है और विभाग द्वारा इतना पानी नप को मुहैया करवाया जा रहा है। इसके बावजूद भी पानी की अधिक बर्बादी के चलते शहरवासियों को दूसरे व तीसरे दिन पानी मिल पाता था। पानी की बर्बादी लोगों की टंकियों व पाइपों से लीकेज के कारण हो रही थी। कई बार तो समस्या अधिक बढ़ जाती थी तो 4 से 5 दिनबाद भी लोगों को पानी मिलता था। केवल 2 घंटे पानी छोडऩे से टंकियों से होने वाली पानी की बर्बादी न के बराबर होगी।

नगर परिषद सोलन के कनिष्ठ अभियंता विनोद पाल ने बताया कि शहर में प्रतिदिन पानी की आपूर्ति करने का निर्णय लिया है। पानी डेढ़ से 2 घंटे छोड़ा जाएगा, जिससे लोगों को प्रतिदिन पानी मिल सकेगा व इससे टंकियों से पूरा दिन बर्बाद होने वाले पानी की भी बचत होगी। इसके लिए की-मैन व अन्य कर्मचारियों को निर्देश दे दिए गए हैं।

News Archives

Latest News