Dnewsnetwork
सोलन, 29 जुलाई। जिला सोलन के पुलिस थाना कसौली की टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए किमुघाट के समीप एक युवक को 11.80 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 28 और 29 जुलाई की मध्यरात्रि को थाना कसौली की पुलिस टीम क्षेत्र में अपराधों की रोकथाम तथा नशे की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से नियमित गश्त एवं नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान किमुघाट के पास एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह घबराकर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही पकड़ लिया। तलाशी लेने पर युवक के कब्जे से 11.80 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान उदय सिंह उर्फ पंकू (25 वर्ष) निवासी कसौली, जिला सोलन के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना कसौली में एनडीपीएस अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है।














