भगोड़ा आरोपी जीरकपुर से गिरफ्तार 2021 के चिट्टा तस्करी मामले में था फरार

Crime Solan

Dnewsnetwork
सोलन, 1 अगस्त। पुलिस थाना सदर सोलन की पी.ओ. (प्रोक्लेम्ड ऑफेंडर) सेल ने लंबे समय से फरार चल रहे एक भगोड़ा आरोपी को पंजाब के जीरकपुर से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी की पहचान शुभम ठाकुर (26) निवासी वार्ड नंबर-7, नजर हरि मंदिर, धोबीघाट सोलन के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 31 जुलाई 2026 को भगोड़े अपराधियों की तलाश के दौरान गुप्त सूचना और लगातार निगरानी के आधार पर आरोपी को जीरकपुर से गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना सदर सोलन में धारा 209 बीएनएस में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि 7 सितंबर 2021 को सदर सोलन पुलिस ने शुभम ठाकुर और उसके एक साथी को 8.51 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया था। इस संबंध में पुलिस थाना सदर सोलन में एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया था। जांच पूरी होने के बाद आरोपी के विरुद्ध आरोपपत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया गया था और वह जमानत पर रिहा था।
मामले की सुनवाई के दौरान आरोपी लगातार न्यायालय में पेश होने से बचता रहा। कई बार समन जारी किए जाने के बावजूद उसके उपस्थित न होने पर 6 नवंबर 2025 को न्यायालय ने उसे भगोड़ा अपराधी (Proclaimed Offender) घोषित कर दिया था।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। हालांकि, पुलिस की सतत निगरानी और गुप्त सूचना के आधार पर आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।

News Archives

Latest News