दून से 150 लोगों के साथ दिल्ली महारैली में पहुंचे विधायक राम कुमार चौधरी, सोलन से भी बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भरी हुंकार

Baddi + Doon Himachal News Politics

Dnewsnetwork

दिल्ली। दिल्ली में इंडिया गठबंधन की ओर से आयोजित महारैली में हिमाचल प्रदेश से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भाग लिया। दून विधानसभा क्षेत्र के विधायक राम कुमार चौधरी भी अपने क्षेत्र के करीब 150 कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ दिल्ली पहुंचे। वहीं, सोलन जिला के विभिन्न क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता महारैली में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंचे और गठबंधन के समर्थन में अपनी आवाज बुलंद की। विधायक राम कुमार चौधरी ने बताया कि दून विधानसभा क्षेत्र से पहुंचे कार्यकर्ता सुबह सात बजे ही रैली स्थल पर पहुंच गए थे। उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों से लाखों की संख्या में लोग इस महारैली में शामिल हुए, जबकि हिमाचल प्रदेश से करीब 20 से 25 हजार लोगों ने अपनी भागीदारी सुनिश्चित की।

राम कुमार चौधरी ने कहा कि महारैली में उमड़ी भारी भीड़ इस बात का संकेत है कि देश में बदलाव की लहर चल रही है और आने वाले समय में भाजपा को हार का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और इंडिया गठबंधन लगातार मजबूत होकर आगे बढ़ रहे हैं तथा देशभर में लोगों का समर्थन गठबंधन को मिल रहा है। उन्होंने बताया कि यह महारैली मुख्य रूप से तीन प्रमुख मांगों को लेकर आयोजित की गई थी। इनमें हाल ही में हुए चुनावों को रद्द करने, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) प्रक्रिया को बंद करने की मांग शामिल रही। महारैली में सोलन जिला सहित प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भागीदारी ने पार्टी के संगठनात्मक उत्साह को भी प्रदर्शित किया।

Latest News