Dnewsnetwork
सोलन, 19 जुलाई : जिला पुलिस सोलन ने नशा तस्करों के खिलाफ अभियान जारी रखा हुआ है। दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए 29.51 ग्राम चिट्टा (हैरोइन) बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है तथा मामले की गहनता से जांच जारी है। एस.पी. साईं दत्तातरे वार्मा ने बताया कि पुलिस थाना कंडाघाट की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर एक युवक की तलाशी ली गई, जिसके कब्जे से 7.51 ग्राम चिट्टा (हैरोइन) तथा 2,990 रुपये नकद बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जतिन (31 वर्ष) निवासी कंडाघाट के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। न्यायालय में पेश करने पर आरोपी का चार दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त हुआ है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले भी चिट्टा तस्करी के मामले में संलिप्त रह चुका है। उसके विरुद्ध पुलिस थाना सदर, सोलन में भी एनडीपीएस अधिनियम के तहत एक मामला दर्ज है, जिसमें उसके कब्जे से 8 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ था। वहीं दूसरे मामले में थाना धर्मपुर की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर पंजाब रोडवेज की एक बस में सवार युवक की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 22 ग्राम चिट्टा (हैरोइन) बरामद किया गया।
आरोपी की पहचान पुनीत (23 वर्ष) निवासी निरमंड के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को मौके पर गिरफ्तार कर एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया। न्यायालय से आरोपी का पांच दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त हुआ है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर नशा तस्करी के नेटवर्क तथा उसके पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।














