SOLAN के 4 राशन डिपो के रिकार्ड में पाई गई अनियमितताएं

Others Solan

DNN सोलन
जिला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग द्वारा आज सूचना के आधार पर सोलन शहर में उचित मूल्य की 9 दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया। औचक निरीक्षण में 4 उचित मूल्य की दुकानों के अभिलेख (रिकॉर्ड) में अनियमितताएं पाई गईं। यह जानकारी आज यहां जिला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति तथा उपभोक्ता मामले नियंत्रक मिलाप शांडिल ने दी।
मिलाप शांडिल ने कहा कि जिन 4 उचित मूल्य की दुकानों के अभिलेख में अनियमितताएं पाई गईं उनके विरूद्ध हिमाचल प्रदेश विनिर्दिष्ट आवश्यक वस्तुएं (वितरण का विनियमन) आदेश-2019 के अंतर्गत विभागीय कार्यवाही अमल में लाई गई। उन्होंने कहा कि विभाग को सूचना मिली थी कि सोलन शहर व आसपास के कुछ उचित मूल्य दुकानधारक खाद्यान वितरण में अनियमितताएं बरत रहे हैं और उपभोक्ताओं को लिए गए सामान का कैश मेमो भी जारी नहीं किया जा रहा है।
उन्होंने सोलन जिला में कार्यरत सभी उचित मूल्य दुकानधारकों से आग्रह किया है कि वे उपभोक्ताआंे को क्रय किए गए पूरे सामान का कैश मेमो जारी करें। उन्होंने कहा कि सभी उचित मूल्य दुकानधारक उपभोक्ताआंे की जानकारी के लिए अपनी उचित मूल्य की दुकान में वितरण दर, स्केल व उपलब्ध स्टॉक का विवरण प्रतिदिन प्रदर्शित करें। उन्होंने कहा कि उचित मूल्य की दुकान बंद रखने की सूचना को सूचना पट्ट पर अंकित किया जाए ताकि उपभोक्ताओं को इसकी जानकारी हो और उन्हें असुविधा का सामना न करना पड़े। निरीक्षण अभियान में जिला के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निरीक्षक अरूण कुमार, धर्मेश शर्मा, गिरीश नेष्टा, सुनील कुमार तथा कमलकांत उपस्थित रहे।

News Archives

Latest News