#solan अस्पताल प्रशासन ने लिखा पत्र, मांगी अनुमति

Others Solan
DNN सोलन ब्यूरो (आदित्य सोफत)
26 फरवरी। क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में नया एक्स-रे प्लांट लगाने के लिए टेंडर लगाए जाएंगे। अस्पताल प्रशासन द्वारा इस प्रक्रिया को करने के लिए उच्चाधिकारियों से अनुमति मांगी है और इसके लिए पत्र भी लिखा गया है। उच्चाधिकारियों से अनुमति मिलते ही अस्पताल प्रशासन द्वारा एक्स-रे मशीन को खरीदने के लिए टेंडर लगाया जाएगा। एक्स-रे प्लांट को स्थापित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग की और से अस्पताल प्रशासन को 10 लाख रुपए की राशि दी गई है।
पिछले काफी समय से चली हुई है प्रक्रिया
बता दें कि क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में एक्स-रे प्लांट लगाने के लिए पिछले काफी समय से प्रक्रिया चली हुई थी। इस प्रक्रिया में  विभाग ने मुहर लगा दी है। अब क्षेत्रीय अस्पताल में जल्द नया एक्स-रे प्लांट स्थापित किया जाएगा। इससे अस्पताल में ही मेजर एक्स-रे शुरू होंगे। इसके लिए बीते दिनों हुई रोगी कल्याण समिति की बैठक में भी विस्तार से चर्चा की गई है।
कई बार मशीन रिपेयर करवा चुका है अस्पताल प्रशासन
गौरतलब हो कि सोलन अस्पताल में 500 एमए एक्स-रे मशीन पिछले काफी समय से खराब चली हुई है।  अस्पताल प्रशासन की और से इसे कई बार रिपेयर करवा दिया है, लेकिन मशीन अधिक पुरानी होने के चलते खराब हो जाती है और इस में फ्रेम भी सही नहीं आती थी। इससे चिकित्सकों को डायग्नोज करने में दिक्क्त आती थी। इस मशीन के खराब होने के कारण छोटी मशीन के सहारे ही अस्पताल में काम चलता था। इस एक्स-रे मशीन में केवल माइनर एक्स-रे ही हो पाते है और मेजर एक्स-रे करवाने के लिए लोगों को मजबूरन निजी क्लीनिकों का रुख करना पड़ता था। उधर, विभाग द्वारा इस बारे कई बार विभाग को पत्र लिखे थे और नई मशीन लगवाने के लिए अनुमति मांगी जा रही थी।
क्षेत्रीय अस्पताल सोलन तीन जिलों को करता है कवर
क्षेत्रीय अस्पताल सोलन जिला सोलन सहित अन्य दो जिला को कवर करता है। यहां पर सोलन, सिरमौर व शिमला जिला के लोग अपना इलाज करवाने आते है। जिला का भी बड़ा अस्पताल होने के चलते यहां पर 1500 की ओपीडी रहती है। साथ ही हड्डी रोग विशेषज्ञ भी है और रोजाना यहां पर ओपीडी के बाहर भीड़ लगी देखी जा सकती है, लेकिन अस्पताल में लोगों को मेजर एक्स-रे से वंचित रहना पड़ता है। यही नहीं हाई-वे होने के चलते भी बड़ी दुर्घटनाओं के दौरान लोगों को एक्स-रे के लिए बाहर दौड़ना पड़ता है।
10 लाख रुपए की राशि अस्पताल के पास
अस्पताल में एक्स-रे प्लांट लगाने के लिए टेंडर प्रक्रिया को लेकर उच्चाधिकारियों से अनुमति मांगी गई है।  इसके लिए पत्र भी उच्चाधिकारियों को लिखा गया है। अनुमति मिलते ही टेंडर किए जाएंगे। इसके लिए विभाग से अस्पताल प्रशासन को 10 लाख रुपए की राशि भी आ चुकी है।
डा. एनके गुप्ता 
वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी, क्षेत्रीय अस्पताल,  सोलन 

News Archives

Latest News