DNN सोलन
समूचे प्रदेश में आगामी 11 जुलाई को आयोजित की जाने वाली मेगा मॉक ड्रिल की कड़ी में सोलन में भी भूकंप पर आधारित मेगा मॉक ड्रिल की जाएगी । मेगा मॉक ड्रिल की तैयारियों के संबंध में उपायुक्त कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त सोलन केसी चमन ने की।
उन्होंने बताया कि यह मेगा मॉक ड्रिल 11 जुलाई को आयोजित की जाएगी। इस ड्रिल को अमलीजामा पहनाने के मकसद से सोलन शहर में पांच घटनास्थल तैयार किए जाएंगे। जिनमें नगर परिषद कार्यालय भवन, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, विवांता मॉल, साईं संजीवनी अस्पताल और डिग्री कॉलेज भवन शामिल रहेंगे। उन्होंने कहा कि सुबह हूटर बजने के साथ ही इंसीडेंट रिस्पांस टीम ठोडो ग्राउंड में स्थापित होने वाले स्टेजिंग एरिया में पहुंचेंगी और उसके बाद घटनास्थल से प्राप्त होने वाली सूचनाओं के आधार पर राहत एवं बचाव कार्यों के लिए टीमों को रवाना किया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की मॉक ड्रिल को एक रूटीन कार्य के तौर पर अपनाए जाने की जरूरत है ताकि यह ड्रिल वास्तविक परिस्थितियों में भी पूरी तरह से कारगर साबित हो सके और इस तरह की आपात स्थिति में आपदा प्रबंधन को बेहतर और प्रभावी तरीके से कार्यान्वित किया जा सके। उन्होंने इस बात की जरूरत पर भी जोर दिया कि इस तरह की मॉक ड्रिल को रीयलटाइम दृष्टिकोण से पूरा किया जाने को लेकर सभी यथासंभव प्रयास होने चाहिए। उन्होंने कहा की मेगा मॉक ड्रिल को अपेक्षाओं के अनुरूप खरा उतारने के लिए 9 जुलाई को दोपहर 3 बजे फिर से समीक्षा बैठक का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने पुलिस प्रशासन को निर्देश देते हुए कहा कि चिन्हित किए गए सभी 5 घटना स्थलों पर राहत एवं बचाव कार्य होने के चलते ट्रैफिक व्यवस्था को भी व्यवस्थित किए जाने की जरूरत है। पुलिस इस दिशा में आवश्यक कदम उठाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि जिला आपदा प्रबंधन अथॉरिटी के सभी सदस्य व्यक्तिगत तौर पर अपनी उपस्थिति सुनिश्चित बनाएंगे। उपायुक्त की अध्यक्षता वाली जिला आपदा प्रबंधन अथॉरिटी में पुलिस अधीक्षक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण, अधीक्षण अभियंता सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य, अधीक्षण अभियंता बिजली बोर्ड और अध्यक्ष जिला परिषद बतौर सदस्य शामिल रहते हैं। इस मॉक ड्रिल में केंद्रीय रिजर्व पुलिस के अलावा हिमाचल प्रदेश पुलिस, होमगार्ड और अग्नि शमन की सक्रिय सहभागिता रहेगी। मॉक ड्रिल के दौरान कुछ वॉलंटियरों को भी शामिल किया जाएगा जिनमें विद्यार्थी और नेहरू युवा केंद्र के वॉलंटियर शामिल रहेंगे। बैठक में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी विवेक चंदेल के अलावा प्रशासनिक अधिकारी और विभिन्न विभागों के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।















