Dnewsnetwork
प्रदेश सरकार ने राज्य के प्रशासनिक ढांचे में अब तक का एक बहुत बड़ा बदलाव किया है। मुख्य सचिव कमलेश कुमार पंत की ओर से जारी अधिसूचना के तहत 17 भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) और 22 हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा (एचएएस) अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियां की गई हैं। इस फेरबदल में राज्य के कई महत्वपूर्ण विभागों के सचिवों से लेकर नगर निगम शिमला के कमिश्नर और कई जिलों के एसडीएम बदले गए हैं। ये आदेश जनहित में तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं।
वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के विभागों में अहम फेरबदल करते हुए अतिरिक्त मुख्य सचिव (जनजातीय विकास) ओंकार चंद शर्मा को अतिरिक्त मुख्य सचिव (परिवहन) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वहीं, आरडी नजीम को अतिरिक्त मुख्य सचिव (खाद्य आपूर्ति) के साथ-साथ अब गृह एवं सतर्कता और ऊर्जा विभाग का जिम्मा भी दे दिया गया है। देवेश कुमार अब प्रधान सचिव (वित्त, योजना, अर्थशास्त्र व सांख्यिकी) का कार्यभार संभालेंगे और उनके पास पशुपालन व लोक निर्माण विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा। इसके अलावा सुधा देवी को प्रधान सचिव (वन एवं उद्योग) और कार्मिक विभाग का जिम्मा दिया गया है, जबकि प्रियंका बसु इंग्टी को सचिव (खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति) तथा आशीष सिंघमार को सचिव (स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
अन्य आईएएस अधिकारियों की नई तैनाती की बात करें तो डॉ. यूनुस को निदेशक (उद्योग) से बदलकर सचिव (राज्य कर एवं आबकारी) लगाया गया है। संदीप कुमार को सचिव (पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन), अमरजीत सिंह को सचिव (शहरी विकास) का अतिरिक्त प्रभार और विवेक भाटिया को निदेशक (उद्योग) का अतिरिक्त जिम्मा मिला है। राकेश कुमार प्रजापति अब निदेशक (पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन), डॉ. अश्वनी कुमार शर्मा आयुक्त (राज्य कर एवं आबकारी) और विवेक चंदेल नगर निगम बद्दी के नए आयुक्त होंगे। इसके साथ ही डॉ. मधु चौधरी को सीईओ (राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना), ओम कांत ठाकुर को निदेशक (मत्स्य पालन, बिलासपुर), अभिषेक कुमार गर्ग को एमडी (एचपी स्टेट इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन) और गुरसिमर सिंह को निदेशक (तकनीकी शिक्षा) के साथ एमडी (एचपी कौशल विकास निगम) का प्रभार सौंपा गया है।
एचएएस अधिकारियों के फेरबदल में सबसे बड़ा और अहम बदलाव शिमला नगर निगम में देखने को मिला है। मुख्यमंत्री के अतिरिक्त सचिव सचिन कंवल को नगर निगम शिमला का नया कमिश्नर (आयुक्त) नियुक्त किया गया है, जबकि नगर निगम शिमला के वर्तमान कमिश्नर भूपेंद्र कुमार को प्रबंध निदेशक, जनरल इंडस्ट्रीज कॉर्पोरेशन शिमला लगाया गया है। इसी तरह एडीएम (प्रोटोकॉल) शिमला ज्योति राणा को हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) की नई रजिस्ट्रार बनाया गया है। वहीं, एचपीयू के वर्तमान रजिस्ट्रार ज्ञान सागर नेगी (जिनके पास एमडी हिमफेड का प्रभार भी था) को अब एडीएम (प्रोटोकॉल) शिमला का जिम्मा सौंपा गया है।














