सोलन में वरिष्ठ नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति किया जागरूक

Others Solan

लायंस क्लब सोलन वैली और सीनियर सिटीजन्स फोरम ने आयोजित की कार्यशाला, 70 से अधिक वरिष्ठ नागरिकों ने लिया भाग

Dnewsnetwork

सोलन, 21 अक्टूबर। लायंस क्लब सोलन वैली एवं सीनियर सिटीजन्स फोरम सोलन के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को राजा दुर्गा सिंह क्लब, सोलन में साइबर क्राइम जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को बढ़ते साइबर अपराधों, ऑनलाइन ठगी और डिजिटल धोखाधड़ी से बचाव के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम में 70 से अधिक वरिष्ठ नागरिकों ने भाग लिया।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सोलन श्री रमेश शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने प्रस्तुति के माध्यम से साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि डिजिटल सुविधाओं के बढ़ते इस्तेमाल के साथ साइबर अपराधी भी नए-नए तरीकों से लोगों को ठगी का शिकार बनाने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे में सतर्कता और जागरूकता बेहद जरूरी है।

रमेश शर्मा ने वरिष्ठ नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी, बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी और पासवर्ड साझा न करें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें और फर्जी फोन कॉल के माध्यम से होने वाली ठगी के प्रति सावधान रहें। उन्होंने साइबर अपराध का शिकार होने की स्थिति में तुरंत पुलिस और साइबर क्राइम हेल्पलाइन से संपर्क करने की सलाह भी दी।

कार्यशाला में पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय से जुड़े अधिवक्ता शिवम कंवर और अधिवक्ता सत्यम कंवर ने भी साइबर अपराधों के कानूनी पहलुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने नागरिकों के अधिकारों, कानूनी प्रावधानों और साइबर ठगी से बचने के लिए बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में जानकारी साझा की।

इस अवसर पर लायंस क्लब सोलन वैली के अध्यक्ष एमजेएफ लायन रामिंदर बावा ने मुख्य अतिथि रमेश शर्मा का स्वागत कर उन्हें सम्मानित किया। वहीं, सीनियर सिटीजन्स फोरम सोलन के सचिव अरुण गोयल को भी सम्मानित किया गया।

लायन रामिंदर बावा ने कहा कि लायंस क्लब सोलन वैली समाज सेवा के साथ-साथ जनजागरूकता से जुड़े कार्यों के लिए प्रतिबद्ध है। क्लब का उद्देश्य विभिन्न सेवा गतिविधियों के माध्यम से समाज के हर वर्ग को जागरूक, सुरक्षित और सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के लिए इस तरह की कार्यशालाएं वर्तमान समय की जरूरत हैं, ताकि वे डिजिटल सुविधाओं का इस्तेमाल करते समय साइबर अपराधियों के जाल में फंसने से बच सकें।

कार्यशाला में वरिष्ठ नागरिकों ने साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। कार्यक्रम के अंत में लायंस क्लब सोलन वैली एवं सीनियर सिटीजन्स फोरम सोलन ने भविष्य में भी जनहित और सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

Latest News