महिला की हत्या की साजिश नाकाम 3 गिरफ्तार

Crime Solan

Dnewsnetwork

सोलन में एक पति द्वारा अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर अपनी ही पत्नी की हत्या का प्रयास करने का मामला सामने आया है। सोची समझी चाल के तहत आरोपी अपनी पत्नी को उत्तर प्रदेश से घूमने के बहाने सोलन लाया गया और सुनसान क्षेत्र में गला रेतने के बाद करीब 80 से 100 मीटर गहरी ढांक में धक्का देकर फेंक दिया गया। हालांकि महिला की जान बच गई और सोलन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को घटना के करीब आधे घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। एएसपी राज कुमार चंदेल ने बताया कि पुलिस के अनुसार शनिवार को पुलिस चौकी सपरून को सूचना मिली कि कुछ लोगों ने एक महिला को सड़क से नीचे गहरी ढांक फेंक दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस चौकी सपरून एवं पुलिस थाना सदर सोलन की टीमें प्रभारी थाना सदर के नेतृत्व में तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुईं। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मौके से फरार हुए तीनों आरोपियों को नगाली के समीप दबोच लिया। उन्होंने बताया कि मामले में प्रत्यक्षदर्शी ने पुलिस को बताया कि 10 जुलाई की रात करीब साढ़े आठ बजे वह देहुंघाट से अपने घर लौट रहे थे। पंच परमेश्वर मंदिर से पहले उन्होंने सड़क किनारे तीन युवकों को एक युवती के साथ देखा। पहले उन्हें सामान्य मामला लगा, लेकिन कुछ आगे जाने पर संदेह हुआ कि युवक महिला का गला दबा रहे हैं। इस पर उन्होंने वाहन वापस मोड़ा तो देखा कि तीनों युवकों ने महिला को सड़क से गहरी ढांक में धक्का दे दिया और स्वयं पैदल नगाली की ओर चले गए। घटनास्थल पर पैराफिट के पास खून के निशान भी मिले।

पुलिस और स्थानीय लोगों ने तुरंत रेस्क्यू अभियान चलाया। घायल महिला झाड़ियों के सहारे नीचे बाईपास सड़क तक पहुंच गई थी, जहां से लोगों ने उसे सिविल अस्पताल सोलन पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया। जांच के दौरान पुलिस ने 3 आरोपियों मदन कुमार (28) निवासी जिला गौंडा (उत्तर प्रदेश), दलीप कुमार (28) तथा उसके सगे भाई शिवम (20) निवासी जिला बहराइच (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया है।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि घायल महिला आरोपी दलीप कुमार की पत्नी है और दोनों के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार दलीप ने अपने भाई शिवम और दोस्त मदन कुमार के साथ मिलकर पत्नी की हत्या की साजिश रची। योजना के तहत महिला को घूमने के बहाने उत्तर प्रदेश से सोलन लाया गया। यहां सुनसान स्थान पर पहले उसके गले पर चाकू से वार किया गया और फिर हत्या की नीयत से गहरी ढांक में धक्का दे दिया गया। वारदात के बाद आरोपी उत्तर प्रदेश भागने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें समय रहते गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना सदर सोलन में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109 एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड मांगा जा रहा है। साथ ही उनके पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड को लेकर भी जांच की जा रही है। मामले की जांच जारी है।

News Archives

Latest News