Dnewsnetwork
बद्दी, 20 जून 2026। पुलिस जिला बद्दी ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अपनी जीरो टॉलरेंस नीति के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में कुल 21.434 किलोग्राम चूरा-पोस्त (भुक्की) तथा 123 ग्राम अफीम बरामद की है। इस कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
ट्रक की स्टेपनी में छिपा रखा था 15 किलो से अधिक चूरा-पोस्त
पहले मामले में पुलिस थाना बरोटीवाला की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर एलैम्बिक चौक से दसोरा माजरा रोड स्थित आरएम केमिकल कंपनी के समीप खड़े ट्रक नंबर HP-12H-9011 की तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस को ट्रक की स्टेपनी के अंदर छिपाकर रखा गया 15 किलोग्राम 168 ग्राम चूरा-पोस्त (भुक्की) बरामद हुआ।
पुलिस ने ट्रक चालक वीरेंद्र कुमार उर्फ बबलू, निवासी गांव सेहल, डाकघर जयनगर, तहसील अर्की, जिला सोलन को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध पुलिस थाना बरोटीवाला में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
घर और स्कूटी की तलाशी में मिला भारी मात्रा में नशा
दूसरे मामले में बद्दी पुलिस की स्पेशल सेल-एक्स को सूचना मिली कि कोलिंग, निवासी सिराजमाजरा, बद्दी, नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने उसके सिराजमाजरा स्थित घर पर दबिश दी और घर के साथ-साथ बाहर खड़ी उसकी स्कूटी की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान स्कूटी की डिग्गी से 6 किलोग्राम 266 ग्राम चूरा-पोस्त और 123 ग्राम अफीम बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी कोलिंग को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ पुलिस थाना बद्दी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
दोनों आरोपियों को शनिवार को माननीय न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने आरोपी वीरेंद्र कुमार को चार दिन तथा आरोपी कोलिंग को तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार दोनों मामलों में आगे की जांच जारी है। यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी नशीले पदार्थ कहां से लेकर आए थे तथा इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
बद्दी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और भविष्य में भी ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।














