नशे में वाहन चलाने वालों पर सोलन पुलिस की सख्ती, आठ माह में 2,716 चालान काटे

Crime Solan

Dnewsnetwork

सोलन, 10 नवंबर : सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आम लोगों की जान सुरक्षित रखने के उद्देश्य से सोलन पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ अपना अभियान तेज कर दिया है। पुलिस की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार 1 मार्च से 4 नवंबर 2026 तक जिले में शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़े गए 2,716 लोगों के चालान किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक सोलन साईं दत्तात्रेय वार्मा के नेतृत्व में जिलेभर में यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। विशेष रूप से शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर पुलिस की पैनी नजर है। इसके लिए विभिन्न स्थानों पर विशेष नाके लगाए जा रहे हैं और ब्रेथ एनालाइजर के माध्यम से वाहन चालकों की जांच की जा रही है।

पुलिस से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार मार्च माह में 89, अप्रैल में 172, मई में 229, जून में 255, जुलाई में 525, अगस्त में 642, सितंबर में 368 और अक्टूबर में 381 चालान किए गए। वहीं नवंबर माह में 4 नवंबर तक 55 वाहन चालकों के चालान किए जा चुके हैं। आंकड़ों के अनुसार अगस्त माह में सबसे अधिक 642 चालान किए गए।

सोलन पुलिस द्वारा विशेष रूप से रात के समय, सप्ताहांत, पर्यटन सीजन और त्योहारों के दौरान जांच अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है, ताकि शराब के नशे में वाहन चलाने की घटनाओं को रोका जा सके। पुलिस का मानना है कि नशे में वाहन चलाना न केवल चालक बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य वाहन चालकों, राहगीरों और पैदल यात्रियों के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करता है।

एसपी सोलन साईं दत्तात्रेय वार्मा ने आम जनता से अपील की है कि शराब का सेवन करने के बाद किसी भी परिस्थिति में वाहन न चलाएं। उन्होंने वाहन चालकों से पुलिस के साथ सहयोग करने और यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करने का आग्रह किया। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Latest News