Dnewsnetwork
नालागढ़, 10 नवंबर। नालागढ़ में रामशहर रोड स्थित लकड़ी डिपो के समीप एक व्यक्ति पर फायरिंग करने के मामले में बद्दी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने FIR दर्ज होने के मात्र पांच घंटे के भीतर आरोपी साहिल पुत्र राजेंद्र सिंह, निवासी नालागढ़ को खरड़ से हिरासत में ले लिया।
इस फायरिंग की घटना में मोहम्मद असलम उर्फ बल्लू पुत्र गुलाम रसूल, निवासी वार्ड नंबर-7, नालागढ़ घायल हुआ था। मामले में शिकायतकर्ता जोगिंद्र सिंह पुत्र संतोख सिंह, निवासी गांव पन्नर, तहसील नालागढ़ की शिकायत पर 10 नवंबर 2026 को पुलिस थाना नालागढ़ में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 व 351(2) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25, 54 और 59 के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान ने स्वयं घटनास्थल का दौरा किया और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही आरोपी की धरपकड़ के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस थाना नालागढ़ की टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को खरड़ से हिरासत में ले लिया।
पुलिस अब आरोपी से फायरिंग की वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार की बरामदगी सहित घटना से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर गहन पूछताछ कर रही है। मामले में आगामी जांच जारी है। बद्दी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है।














