Dnewsnetwork
सनवारा। भारत सरकार की पहल के अंतर्गत राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शुक्रवार, 25 सितंबर 2026 को कसौली इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, सनवारा में सामूहिक गायन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम प्रातः 11 बजे विद्यालय परिसर में हुआ, जिसमें स्कूल के सभी छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सामूहिक गायन के दौरान विद्यालय परिसर देशभक्ति के भाव से ओत-प्रोत हो उठा। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने पूरे अनुशासन, सम्मान एवं राष्ट्रप्रेम की भावना के साथ ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के मैनेजिंग डायरेक्टर श्री हीरा ठाकुर, सीईओ डॉ. संजीव मैनरा एवं प्रधानाचार्या श्रीमती पूनम ठाकुर के मार्गदर्शन में किया गया। शिक्षकों के सहयोग और विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने कार्यक्रम को गरिमामय एवं सफल बनाया।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता तथा देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत एवं गौरव को बनाए रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में देशभक्ति, राष्ट्रीय चेतना और अपने राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत किया।














