सोलन में महिला और छह माह की बच्ची की मौत, पुलिस ने शुरू की गहन जांच

Crime Solan

विवाह के बाद पति से अनबन की बात सामने आई, बच्ची की मौत के कारणों की भी जांच जारी : एसपी सोलन

Dnewsnetwork

सोलन। सोलन के आंजी सेरी क्षेत्र में 29 वर्षीय महिला और उसकी छह माह की बच्ची की मौत का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच शुरू कर दी है। दोनों शवों का IGMC शिमला में पोस्टमॉर्टम करवाया गया है तथा विसरा जांच के लिए SFSL जुंगा भेजा जा रहा है।
एएसपी रमेश शर्मा ने बताया कि 23 सितंबर को हरिंदर बिष्ट निवासी आंजी सेरी, सोलन ने पुलिस चौकी सपरून को सूचना दी थी कि उनकी बेटी ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है, जबकि उनकी छह माह की नातिन की भी मृत्यु हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस के अनुसार मौके पर महिला कमरे में पंखे की कुंडी से चुन्नी के फंदे के सहारे लटकी हुई मिली, जबकि छह माह की बच्ची मृत अवस्था में बिस्तर पर पाई गई। मृतका की पहचान परिशिका कौंडल (29), पत्नी आशुतोष कौंडल, निवासी नम्होल, जिला बिलासपुर तथा बच्ची की पहचान शैलजा कौंडल (6 माह) के रूप में हुई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल सोलन ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने आगामी पोस्टमॉर्टम के लिए उन्हें IGMC शिमला रेफर किया। 24 सितंबर को IGMC शिमला में दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम करवाया गया। पुलिस ने विसरा कब्जे में लेकर जांच के लिए SFSL जुंगा भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
एसपी सोलन ने बताया कि SFSL की विशेषज्ञ टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा वहां से आवश्यक भौतिक साक्ष्य एकत्रित कर पुलिस कब्जे में लिए हैं। पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि परिशिका की शादी करीब डेढ़ वर्ष पूर्व आशुतोष कौंडल के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही पति-पत्नी के बीच अनबन रहने की बात सामने आई है।
पुलिस के अनुसार 20 सितंबर को परिशिका ने अपने पिता को बताया था कि उसका पति उसे परेशान करता है और वह अब उसके साथ नहीं रहना चाहती। इसके बाद वह अपनी छह माह की बेटी के साथ अपने पिता के आंजी सेरी स्थित क्वार्टर में आ गई थी।
23 सितंबर को परिशिका की छोटी बहन बाजार गई हुई थी, जबकि उसके पिता ड्यूटी के सिलसिले में धर्मपुर गए थे। बहन के वापस लौटने पर क्वार्टर का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी आवाज लगाने और दरवाजा खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। इसके बाद उसने अपने पिता को सूचना दी। पिता के मौके पर पहुंचने पर खिड़की की जाली में छेद कर कुंडी खोली गई, जिसके बाद अंदर महिला फंदे से लटकी हुई और बच्ची मृत अवस्था में मिली।
एसपी सोलन साईं दत्तात्रेय वर्मा ने कहा कि इस संबंध में पुलिस थाना सदर सोलन में मामला दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमॉर्टम के बाद दोनों शव अंतिम संस्कार के लिए उनके परिजनों को सौंप दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि मामले की जांच प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है और मौत के कारणों तथा घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।

Latest News