दो पिस्टल, 15 जिंदा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद; दूसरे मामले में कारोबारी पर जानलेवा हमले के आरोपियों की तलाश जारी
Dnewsnetwork
बद्दी, 10 अगस्त। पुलिस जिला बद्दी में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बद्दी पुलिस ने दो अलग-अलग गंभीर मामलों में त्वरित कार्रवाई की है। नालागढ़ में कबाड़ कारोबारी पर गोली चलाने के प्रयास के मामले में पुलिस ने वारदात के महज आधे घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो पिस्टल, 15 जिंदा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है। वहीं, बद्दी क्षेत्र में एक कारोबारी पर जानलेवा हमला कर उसकी लाइसेंसी पिस्टल और लैपटॉप लूटने के मामले में पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
कबाड़ कारोबारी को पिस्टल दिखाकर फायरिंग का प्रयास
पुलिस के अनुसार 10 अगस्त की सुबह नालागढ़ में एक स्थानीय कबाड़ कारोबारी अपनी दुकान के बाहर मौजूद था। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार दो नकाबपोश युवक वहां पहुंचे और कारोबारी पर पिस्टल तानकर जान से मारने की नीयत से फायर करने का प्रयास किया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान के निर्देश पर पुलिस की विशेष टीमें सक्रिय कर दी गईं।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और फील्ड इंटेलिजेंस के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की और करीब आधे घंटे के भीतर ढेरोवाल बैरियर के समीप दोनों आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जसप्रीत सिंह (31), निवासी जिला कैथल, हरियाणा और मनप्रीत सिंह (20), निवासी जिला संगरूर, पंजाब के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो पिस्टल, 15 जिंदा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस अधीक्षक बद्दी ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी वारदात के बाद पंजाब की ओर भागने की फिराक में थे।
पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है, ताकि वारदात के पीछे की रंजिश, साजिश और किसी अंतरराज्यीय गिरोह से संभावित संबंधों का पता लगाया जा सके। मामले में पुलिस थाना नालागढ़ में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109, 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25-54-59 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों को मंगलवार को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा।
बद्दी में कारोबारी पर जानलेवा हमला, लाइसेंसी पिस्टल और लैपटॉप लूटने का आरोप
दूसरे मामले में पुलिस थाना बद्दी में भुड़ निवासी मोहन लाल की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता के अनुसार उसका बेटा मक्खन सिंह, जो ठेकेदारी का काम करता है, सोमवार देर रात अपनी गाड़ी से घर लौट रहा था। इसी दौरान भुड़ बैरियर के समीप इकबाल निवासी चनालमाजरा, प्रीत और उनके अन्य साथियों ने कार व पिकअप वाहन से उसका रास्ता रोक लिया।
आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने डंडों और अन्य घातक हथियारों से मक्खन सिंह पर जानलेवा हमला किया। हमले में उसे गंभीर चोटें आईं। वारदात के बाद आरोपी उसकी लाइसेंसी पिस्टल और लैपटॉप लेकर मौके से फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान के निर्देश पर अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पुलिस टीमें तकनीकी साक्ष्यों और फील्ड इंटेलिजेंस के आधार पर आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
पुलिस थाना बद्दी में इकबाल, प्रीत और अन्य आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 126(2), 109, 309(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के लिए प्रयास जारी हैं।
बद्दी पुलिस के अनुसार दोनों मामलों की जांच विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए की जा रही है और आगामी अन्वेषण के आधार पर अन्य तथ्य सामने आने की संभावना है














