Dnewsnetwork
चौपाल (शिमला), 6 जून। नशा तस्करी तथा अफीम एवं भांग की अवैध खेती के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस थाना चौपाल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सेब के बगीचे से 163 अफीम के पौधे बरामद किए हैं। मामले में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है। एसएसपी गौरव सिहं ने बताया कि पुलिस थाना चौपाल की टीम नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि गांव क्यारी (थापल), तहसील चौपाल निवासी लच्छम सिंह अपने सेब के बगीचे में अवैध रूप से अफीम की खेती कर रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पटवारी तथा स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में संबंधित बगीचे की जांच की। निरीक्षण के दौरान सेब के पेड़ों और लहसुन की फसल के बीच कुल 163 अफीम के पौधे पाए गए।
पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए 15 अफीम के पौधों को नमूने के तौर पर कब्जे में लिया, जबकि शेष 148 पौधों को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि आरोपी अपनी कब्जे वाली भूमि पर अवैध रूप से अफीम की खेती कर रहा था। इस संबंध में धारा 18 एनडीपीएस अधिनियम में पुलिस थाना चौपाल में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस द्वारा बगीचे की डिमार्केशन की प्रक्रिया भी अमल में लाई जा रही है, जिसके बाद आरोपी के खिलाफ नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है तथा अवैध नशे के कारोबार और मादक पदार्थों की खेती के खिलाफ अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेगा।














