Dnewsnetwork चंबा, मार्च 19
अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा की अध्यक्षता में ज़िला जल एवं स्वच्छता मिशन (डीडब्ल्यूएसएम) के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आज उनके कार्यालय कक्ष में एक बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में जल महोत्सव, पेयजल स्रोतों की सततता, जन शिकायत निवारण, योजनाओं का निरीक्षण तथा जल सेवा आकलन से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
अमित मैहरा ने जल महोत्सव के अंतर्गत क्रियान्वित की जा रही विभिन्न गतिविधियों की समीक्षा करते हुए जल शक्ति विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभिन्न पेयजल योजनाओं के अंतर्गत जल स्रोतों, भंडारण टैंकों सहित अन्य संरचनाओं की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित बनाई जाए।
साथ में उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि ग्रामीण विकास विभाग द्वारा कार्यान्वित जल संरक्षण योजनाओं को भी स्वच्छता गतिविधियों का हिस्सा बनाया जाए ताकि आमजन को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध हो सके।
अतिरिक्त उपायुक्त ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को भी सभी शिक्षण संस्थानों में स्थापित जल भंडारण टैंकों की नियमित साफ-सफाई के निर्देश दिए।
अमित मैहरा ने बैठक में रुलर फीकल स्लज प्रबंधन को लेकर भी विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने को कहा।
बैठक में अधिशासी अभियंता, जल शक्ति विभाग जितेंद्र शर्मा ने अवगत किया कि जल अर्पण योजना के अंतर्गत जिला चंबा की ग्राम पंचायत सुंडला तथा चकलू की पेयजल योजनाओं को संबंधित ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित किया जाएगा।
साथ में उन्होंने पेयजल स्रोतों की सततता के तहत उठाए जा रहे विभागीय कदमों की जानकारी देते हुए वर्षा जल संचयन संरचनाओं का निर्माण की भी जानकारी साझा की।
जितेंद्र शर्मा ने बताया कि जल संचय कार्यक्रम के अंतर्गत सभी जल स्रोतों, भंडारण टैंकों की साफ-सफाई करने सहित जल संरक्षण एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
सहायक आयुक्त राहुल धीमान, जिला विकास अधिकारी तिवेन्द्र चिनोरिया, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कविता महाजन सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी बैठक में उपस्थित रहे ।















