DNN सोलन
20 जनवरी। मुख्य संसदीय सचिव (उद्योग, राजस्व एवं नगर नियोजन) राम कुमार ने कहा कि राज्य के प्रत्येक व्यक्ति की समस्याओं का समाधान करना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। राम कुमार आज दून विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत कालूझंडा के शेराँ में ‘सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम’ में लोगों की समस्याओं का निदान करने के उपरान्त जनसभा को सम्बोधित कर रहे थे।
इससे पूर्व उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला शेराँ में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह की अध्यक्षता भी की।
मुख्य संसदीय सचिव ने कहा कि सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम का उद्देश्य प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है ताकि पात्र व्यक्ति योजनाओं का लाभ उठा सकें।
मुख्य संसदीय सचिव ने कहा कि शिक्षित बेरोज़गार युवाओं को स्वरोज़गार प्रदान करने के उदे्श्य से प्रदेश सरकार द्वारा 680 करोड़ रुपए की राजीव गांधी स्वरोज़गार स्टार्ट-अप योजना आरम्भ की गई है।
प्रदेश सरकार शिक्षा में और अधिक गुणवत्ता लाने के उद्देश्य से कार्य कर रही है। आगामी शैक्षणिक सत्र से सभी सरकारी स्कूलों में इंग्लिश मीडियम आरंभ की जाएगी। प्रदेश सरकार द्वारा प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक-एक राजीव गांधी मॉडल डे-बोर्डिंग स्कूल स्थापित करने पर कार्य किया जा रहा है। दून विधानसभा क्षेत्र में भी एक राजीव गांधी मॉडल डे-बोर्डिंग स्कूल शीघ्र स्थापित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि बद्दी व बरोटीवाला शहर को चंडीगढ़ शहर की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दून विधानसभा क्षेत्र में लगभग 100 करोड़ रुपए की विकासात्मक कार्य शुरू करवा दिए गए हैं।
उन्होंने शेराँ गांव में लोगों की समस्याएं सुनी और सम्बन्धित अधिकारियों को इनके निपटारे के उचित दिशा निर्देश दिए।
मुख्य संसदीय सचिव ने सरकार आपके द्वार कार्यक्रम की श्रृंखला में ग्राम पंचायत कालू झंडा के गांव शेरां में लोगों की समस्याएं सुनी व अधिकतर का मौक़े पर निपटारा किया।
उन्होंने क्षेत्र में चल रहे नए विकासात्मक कार्यों के लिए अधिकारियों को अनुमानित खर्चा आंकलन तथा शेराँ गांव के लिए 100 केवीए ट्रांसफार्मर को 250 केवीए में स्तरोन्नत करने के निर्देश दिए।
उन्होंने तदोपरांत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला शेराँ में विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित किया।
उन्होंने स्कूल प्रबंधन कमेटी को अपनी ऐच्छिक निधि से 10 हजार रुपए देने की घोषणा की।
उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला शेराँ की चारदीवारी एवं अतिरिक्त कमरों का निर्माण सी.एस.आर के माध्यम से करवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शेराँ में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले छात्रों को अपनी ऐच्छिक निधि से 10 हजार रुपए देने की घोषणा की।
इस अवसर पर खण्ड कांग्रेस के अध्यक्ष कुलतार सिंह, ग्राम पंचायत कालूझंडा की प्रधान कल्पना देवी, उप प्रधान राजीव नेगी, पूर्व बीडीसी सदस्य कुलदीप कुमार, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला शेराँ की प्रधानाचार्य सतिंदर जोशी, वार्ड सदस्य धर्मपाल, तारो देवी, मान सिंह, जल शक्ति विभाग बद्दी के अधिशाषी अभियंता राहुल अबरोल, प्रदेश विद्युत बोर्ड बरोटीवाला के सहायक अभियंता विदुर गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा ग्रामीण उपस्थित थे।
.0.















