पंडित सुखराम को श्रद्धांजलि देने मंडी पहुंचे भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा

Himachal News Mandi Others

DNN मंडी

13 मई । हिमाचल प्रदेश की राजनीति में पंडित सुखराम का बहुत बड़ा योगदान और कद रहा है। उन्होंने अपना जीवन जनता की सेवा के लिए समर्पित किया, जिसके लिए वह हमेशा याद किए जाएंगे। यह बात भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने मंडी में कही। शुक्रवार को उन्होंने पंडित सुखराम के मंडी स्थित निवास पहुंकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके साथ ही अनिल शर्मा व अन्य परिवार जनों को सांत्वना भी दी। इस दौरान उनके साथ हिमाचल प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी मौजूद रहे। उन्होंने इस मौके पर पत्रकारों के साथ अनौपचारिक वार्ता के दौरान कहा कि पंडित सुखराम का राजनीति में एक लंबा अनुभव और कद रहा। नड्डा ने कहा कि सुखराम के साथ उनके राजनीतिक संबंध करीब 30 वर्षों से थे जिसमें उन्होंने सुखराम से बहुत कुछ सीखा है। उन्होंने कहा कि पंडित सुखराम के द्वारा किए गए जन कल्याण के कार्यों को कभी नहीं भुलाया जा सकता। सुखराम जनता की सेवा के लिए अपना जीवन लगाने वाले नेताओं में से एक रहे हैं। नड्डा ने कहा कि सुखराम एक अनुभवी नेता थे जिन्हें आने वाली कई पीढ़ियों तक याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि उनके दुनिया से चले जाने से सभी आहत हुए हैं लेकिन फिर भी उनके बताए मार्ग पर चलकर प्रदेश की सरकार लोगों की सेवा में लगी है। उन्होंने भगवान से पंडित सुखराम के परिवार को इस दुख की घड़ी में दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

News Archives

Latest News