Dnewsnetwork
ज़िला सोलन के नालागढ़ में आज ‘नशे नू ललकार, नौजवाना दी पुकार’ संदेश के साथ मेगा एंटी चिट्टा वॉकथॉन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नालागढ़ के विधायक हरदीप सिंह बावा ने की।
वॉकथॉन के माध्यम से युवाओं सहित आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर प्रतिभागियों ने नशे के विरुद्ध एकजुटता का संदेश देते हुए समाज में जागरूकता फैलाने का आग्रह किया। कार्यक्रम में युवाओं की सक्रिय भागीदारी इस बात का संदेश रही कि नशे जैसी सामाजिक बुराई के खिलाफ सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।
विधायक हरदीप सिंह बावा ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि इसका दुष्प्रभाव पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा को शिक्षा, खेलकूद, रचनात्मक गतिविधियों तथा समाज निर्माण में लगाने का आग्रह किया।
हरदीप सिंह बावा ने कहा कि नशे का कारोबार करने वालों की देवभूमि हिमाचल में कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा एन.डी.पी.एस. अधिनियम को सख्ती से लागू किया गया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा चिट्टे के कारोबारियों की सूचना देने वाले व्यक्ति को लाखों रुपए का पुरस्कार भी दिया जा रहा है और सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गुप्त रखी जाती है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल सरकार या किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को इसमें सक्रिय भूमिका निभानी होगी। युवाओं की भागीदारी से नशामुक्ति के संदेश को घर-घर तक पहुंचाया जा सकता है।
विधायक ने इस अवसर पर एंटी-चिट्टा नशा निवारण पर शपथ भी दिलवाई गई।
उपमण्डलाधिकारी नरेन्द्र आहलूवालिया ने कहा कि आज की एंटी-चिट्टा वॉकथॉन का उद्देश्य युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और समाज में नशे के विरुद्ध एकजुटता का संदेश देना है।
उन्होंने सभी से आग्रह किया कि इस अभियान को केवल एक आयोजन तक सीमित न रखते हुए इसे नशे के विरुद्ध जन-जागरूकता और सामूहिक संकल्प का प्रभावी माध्यम बनाया जाए। उन्होंने इस कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी का विशेष कर जेन-ज़ी और युवाओं का आभार व्यक्त किया।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा इस अवसर पर रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया गया।
इस अवसर पर वॉकथॉन में भिन्न वर्गों में विजेता रहे प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया गया।
इस अवसर पर पंजाबी प्रसिद्ध कलाकार परवेज़ आलम सहित स्कूली बच्चों द्वारा देश भक्ति व नशा निवारण पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।
इस अवसर पर व्यसनमुक्त सुख जोहल ने अपने अनुभव भी सांझा किए।
कार्यक्रम में खण्ड कांग्रेस समिति नालागढ़ के अध्यक्ष बाबू राम, ज़िला परिषद् सदस्य योगेश्वर राणा, इंदू ठाकुर, कांग्रेस नेता हुसन चंद ठाकुर, विजय सिंह, प्रिंस शर्मा, नीरज ठाकुर, विभिन्न पंचायती राज संस्थानों के प्रतिनिधि, पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान, उप पुलिस अधीक्षक नालागढ़ भीष्म ठाकुर, तहसीलदार हुसन चंद, खंड विकास अधिकारी अरविंद कुमार, स्कूली बच्चे, अन्य शिक्षण संस्थाओं के छात्र, स्थानीय युवा व आमजन सहित लगभग 3500 लोगों ने भाग लिया।














