DNN शिमला।
13 मई । जिला की काशापाट पंचायत के अंतर्गत गुरुवार रात शादी समारोह में शरीक होने जा रहा एक वाहन दर्दनाक सड़क दुर्घटना का शिकार हो गया। रात करीब पौने आठ बजे उक्त वाहन यहाँ के पूणा क्रशर के समीप पहुंचा और अनियंत्रित होकर खाई मे लुढ़क गया, जिसमे चार लोगों की मौत हो गई। वही वाहन में सवार दो अन्य लोग भी इस दुर्घटना मे घायल हुए है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक एक प्रत्यक्षदर्शी ने इस दुर्घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना के मुताबिक वाहन एचपी 03सी-0391 शादी समारोह में शरीक होने के लिए जनथल से पाट गांव की ओर जा रहे थे। वाहन में चालक अशोक कुमार समेत कुल छह लोग सवार थे। जैसे ही उक्त वाहन पूणा क्रशर के समीप पहुंचा चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और वाहन करीब 100 मीटर खाई में जा समाया। हादसे में वाहन में सवार लाता देवी, अंजली, गिरीश व मनोरमा देवी की मौत हो गई। जबकि अशोक कुमार व कुलदीप इस हादसे में घायल हुए है। वही पुलिस व स्थानीय लोगो ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों व मृतको के शवों को खाई से बाहर निकाला। एसडीपीओ रामपुर चंद्रशेखर कायथ ने इस मामले कि पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे में तीन महिलाओं समेत चार कि मौत व दो व्यक्ति घायल हुए है। पुलिस ने आगामी छानबीन शुरू कर दी है।















