बंजार में पर्यटक की दादागिरी, टैक्सी चालक को कट्टा दिखाकर धमकाया

Crime Himachal News Kullu Others

DNN कुल्लू

06 नवंबर। जिला कुल्लू के उपमंडल बंजार में एक पर्यटक द्वारा देसी कट्टा निकालकर टैक्सी चालक को धमकाने का मामला सामने आया है। जिसके बाद बंजार पुलिस ने भी इस मामले में कार्रवाई करते हुए पर्यटक को गिरफ्तार कर लिया है और मामला दर्ज कर लिया गया है।पर्यटक के पास से देसी कट्टे को भी बरामद कर लिया गया है।
एसपी कुल्लू गुरदेव शर्मा ने बताया कि शुक्रवार देर शाम बंजार से जीभी के लिए एक पर्यटक की कार आ रही थी।उसी कार के पीछे एक टैक्सी भी चल रही थी। टैक्सी चालक ने जब पर्यटक से पास मांगा तो पास देने की बजाय वह उसे धमकाने लगा और उसने देसी कट्टा निकाल दिया। वहीं, इस दौरान स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंचे और काफी देर तक हंगामा चलता रहा। स्थानीय लोगों ने इस बारे में बंजार पुलिस को सूचना दी और पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।एसपी ने बताया कि बंजार पुलिस की टीम ने इस मामले में अजय दलाल पर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।वहीं, देसी कट्टे को भी सील कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि जिला कुल्लू में गैर कानूनी गतिविधियों को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Latest News