एल.आर. इंस्टीट्यूट ऑफ लीगल स्टडीज के 60 विधि छात्रों का पुलिस थाना सोलन में शैक्षणिक भ्रमण

Others Solan

Dnewsnetwork

सोलन। एल.आर. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स के अंतर्गत संचालित एल.आर. इंस्टीट्यूट ऑफ लीगल स्टडीज, ओचघाट, सोलन के 60 विधि छात्रों ने सोलन पुलिस प्रशासन के सहयोग से पुलिस थाना सोलन का शैक्षणिक भ्रमण किया। छात्रों ने महिला पुलिस थाना, यातायात पुलिस शाखा और पुलिस थाना सदर सोलन का दौरा कर पुलिस की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक व्यवस्था और कानूनी प्रक्रियाओं को नजदीक से समझा।

इस शैक्षणिक भ्रमण दल का नेतृत्व संस्थान की सहायक प्रोफेसर आँचल दड़वाल, सहायक प्रोफेसर मनोज कुमार और सहायक प्रोफेसर शकुंतला ने किया।

भ्रमण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने छात्रों को प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) दर्ज करने की प्रक्रिया, महिला सुरक्षा से संबंधित कानूनों, यातायात नियमों तथा दैनिक पुलिस कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। छात्रों ने थाने के रिकॉर्ड रूम, मालखाना और नियंत्रण कक्ष का भी अवलोकन किया तथा जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। इस अवसर पर संस्थान के निदेशक एवं प्राचार्य डॉ. सुनील देश्टा (पूर्व डीन, विधि संकाय, हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, शिमला) ने कहा कि विधि शिक्षा में सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक ज्ञान अत्यंत आवश्यक है। इस प्रकार के भ्रमण से छात्रों में कानूनी समझ और न्यायिक प्रक्रिया के प्रति व्यावहारिक दृष्टिकोण विकसित होता है। संस्थान ने इस ज्ञानवर्धक भ्रमण के सफल आयोजन हेतु सोलन पुलिस प्रशासन का हार्दिक आभार व्यक्त किया।

Latest News