DNN बद्दी (सोलन) (आदित्य चड्डा)
19 मार्च। औद्योगिक क्षेत्र नालागढ़ के तहत महादेव खड्ड में तीन दिनों से लापता एक व्यक्ति का शव संदिग्ध हालत में मिला है। इस बारें स्थानीय लोगों द्वारा पुलिस चौकी दभोटा को सूचित किया गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम ने मौके का जायजा लिया और शव को कब्जे में लिया है। शव मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

16 मार्च को युवक अचानक हो गया था गायब
मिली जानकारी के अनुसार एक युवक बीती 16 मार्च से अचानक लापता हो गया था। परिवार द्वारा युवक को ढूंढने के लिए रिश्तेदारों एवं अन्य सभी संबंधियों के पास कोशिश की गई। लेकिन, कहीं पर भी युवक का कोई अतापता नहीं चल पाया। शुक्रवार को लोगों ने युवक का शव महादेव खड्ड में संदिग्ध हालत में देखा और इसकी सुचना पुलिस को दी। इस बारे में जब मृतक के पिता से बात की तो उन्होंने कहा कि उनका बेटा 16 मार्च से अचानक गायब हो गया था।
बताया जा रहा है कि युवक पटवारी के साथ सहायक के तौर पर बतौर काम कर रहा था। जब यह युवक लापता हो गया तो युवक को ढूंढने के लिए परिवार दर-दर की ठोकरें खा रहा था। लेकिन, कहीं पर भी मृतक का पता नहीं लग पा रहा था। अचानक शक्रवार को परिवार को सूचना मिली कि उनके बेटे की लाश महादेव खड्ड में मिली है। 

पुलिस ने की कार्रवाई शुरू
इस बारे में जानकारी देते हुए डीएसपी नालागढ़ राजकुमार ने बताया कि मृतक के लापता होने का मामला दर्ज पहले ही किया गया था और अब मृतक के शव मिलने की सूचना मिली है। सूचना मिलने के बाद वह पूरी टीम के साथ मौके पर पहुंचे हैं और उनके द्वारा शव को कब्जे में ले लिया। शव का नालागढ़ के सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के बाद ही असल कारणों का खुलासा हो पाएगा। पुलिस इस मामले में गहनता से जांच कर रही है।















