DNN सोलन
सोलन जिला कांग्रेस कमेटी लंबे अर्से बाद जनहित के मुद्दे पर भाजपा की घेराबंदी करती हुई दिखाई दे रही है। कांग्रेस ने शहर में पानी की किल्लत होने के बावजूद नगर परिषद द्वारा बिल्डरों का पानी देने के मामले में नगर परिषद की घेराबंदी की है। हालांकि नगर परिषद द्वारा इस निर्णय को लिए हुए काफी समय बीत गया है, लेकिन कांग्रेस का देर से ही सही इस मुद्दे की याद आ गई है। इसी कड़ी में जिला कांग्रेस कमेटी ने नगर परिषद सोलन पर आरोप लगाए हैं कि नगर परिषद बिल्डरों को नियमों को ताक पर रखकर पानी के कनैक्शन दिए जा रहे हैं और उन्हें पूरा पानी मिल रहा है। दूसरी तरफ आम जनता को पेयजल किल्लत के कारण भारी परेशानियां झेलनी पड़ रही है। कांग्रेस कमेटी का कहना है कि सूचना के अधिकार कानून के तहत जल्द ही इसकी सूचना मांगी जाएगी और इस गोरखधंधे का पर्दाफाश किया जाएगा।
यहां जारी बयान में जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव शिव दत्त ठाकुर ने कहा कि नगर परिषद द्वारा बिल्डरों को व रसूखदार लोगों को नियमों को ताक पर रखकर पानी के कनैक्शन दिए जा रहे हैं व इन्हें पानी की इतनी सप्लाई दी जाती है कि उन्हें किसी प्रकार का भवन निर्माण करने के लिए कभी भी पानी की कमी नहीं आती। इसके विपरीत आम शहरवासी को उसकी रोजमर्रा की जरूरत के अनुसार पानी उपलब्ध नहीं हो पाता। उन्होंने कहा कि यदि आम आदमी शिकायत करते हैं तो नगर परिषद के अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा तरह-तरह के बहाने बनाए जाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बिल्डरों को कनैक्शन देते समय शपथपत्र नगर परिषद में लिया जाता है कि वह मात्र एक ही कनैक्शन नगर परिषद से प्राप्त करें, लेकिन अधिकारियों व कर्मचारियों की मिलीभगत से उन्हें अधिक कनैक्शन दिए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जल्द ही आरटीआई के तहत सारी सूचना पानी कनैक्शनों के बारे में प्राप्त करके इस गोरखधंधे का पर्दाफाश करने के लिए न्यायालय में जाएगी। नगर परिषद द्वारा यदि यह गैर कानूनी ढंग से कनैक्षन देने बंद नहीं किए गए तो नगर परिषद का घेराव करके धरना प्रदर्शन किया जाएगा। जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रदेश सरकार व जिला प्रशासन से भी आग्रह किया है कि गैर कानूनी ढंग से किए जा रहे नगर-परिषद में इस प्रकार के कार्यों की जांच करें।















