DNN सोलन
भारतीय रिजर्व बैंक एक पहल के अंतर्गत सोलन जिला में विभिन्न बैंकों द्वारा वित्तीय साक्षरता सप्ताह 3 जून से 7 जून तक आयोजित किया जा रहा है। यह जानकारी जिला के अग्रणी बैंक यूको बैंक के लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर बीडी सांख्यान ने दी।
उन्होंने बताया कि यह जागरूकता कार्यक्रम कृषक थीम पर आधारित है। उन्होंने बताया कि रिजर्व बैंक द्वारा बैंकों को सलाह दी गई है कि वे अपनी ग्रामीण बैंक शाखाओं, वित्तीय साक्षरता केंद्रों, एटीएम और वेबसाईटों पर पोस्टर और संबंधित सामग्री प्रदर्शित करें तथा किसानों के लिए रेडियो व दूरदर्शन के माध्यम से आवश्यक वित्तीय जागरूकता संदेश प्रसारित करवाएं।
उन्होंने बताया कि समग्र आर्थिक विकास के लिए कृषि में वृद्धि आवश्यक है और इसके लिए बैंक ऋण एक महत्वपूर्ण कारक है। भारतीय रिजर्व बैंक सक्रिय रूप से ऐसी नीतियां बनाने में हमेशा से जुड़ा रहा है, जो कृषक समुदाय के लिए ऋण के प्रवाह को बढ़ाती है। उन्होंने सभी हितधारकों से रिजर्व बैंक के इस प्रयास को आपसी समन्वय से सफल बनाने में सहयोग करने का आह्वान किया है।















