DNN सोलन
प्रदेश कांग्रेस के महासचिव और अर्की उपचुनाव में टिकट के प्रबल दावेदार राजेंद्र ठाकुर ने कहा कि अर्की विधानसभा क्षेत्र का जितना विकास पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह के कार्यकाल में हुआ है। उतना पिछले 3 वर्ष के कार्यकाल में हिमाचल प्रदेश की किसी भी विधानसभा में नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि पूर्व सीएम और अर्की के दिवंगत विधायक स्व. वीरभद्र सिंह के 3 वर्ष 8 माह के कार्यकाल में अर्की विस क्षेत्र में विकास कार्यों पर 2 अरब, 63 करोड़, 36 लाख, 91 हजार 897 रुपए खर्च किए गए हैं। वहीं, सत्ताधारी पार्टी भाजपा अपने 10 कार्य भी गिना नहीं सकती, जो कि पूरे किए गए हों। उन्होंने विकास कार्यों पर खर्च धनराशि की बुकलैट जारी करते हुए भाजपा नेताओं को किसी भी मंच पर बहस की खुली चुनौती दी।
प्रदेश के तीन विधानसभा व एक लोकसभा क्षेत्र के उपचुनाव की घोषणा होने के बाद राजेंद्र ठाकुर सोलन में पत्रकारवार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने चुनाव आयोग का आभार जताते हुए कहा कि भाजपा सरकार तो उपचुनाव को टालने की कोशिश कर रही थी ताकि वर्ष 2022 से पहले के इस सेमीफाइनल में सरकार की नाकामियां सामने न आ जाएं, लेकिन चुनाव आयोग ने सरकार के इन मंसूबों पर पानी फेर दिया। उन्होंने कहा कि करीब चार वर्ष के कार्यकाल में प्रदेश की भाजपा सरकार अर्की में विकास करवाने में पूरी तरह से विफल रही है। उन्होंने दावे के साथ कहा कि अर्की विधानसभा क्षेत्र में विधायक स्व. वीरभद्र सिंह ने अपने 3 वर्ष 8 माह के कार्यकाल में विभिन्न विकास कार्यों पर 2 अरब, 63 करोड़, 36 लाख, 91 हजार 897 रुपए खर्च किए। इसकी बाकायदा एक किताब छापी गई है, जिसमें क्रमवार तरीके से हर योजना का ब्योरा दिया गया है और इस किताब की 8 हजार प्रतियां पूरे विधानसभा क्षेत्र में बांटी जाएंगी ताकि हर मतदाता को स्व. वीरभद्र सिंह के विकास कार्यों की जानकारी मिल सके। उन्होंने कहा कि अर्की विधानसभा क्षेत्र से उपचुनाव में टिकट की पहली दावेदारी स्व. वीरभद्र सिंह के परिवार की है और उसके बाद वह टिकट के दावेदार हैं। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी हाईकमान अर्की से जिसे भी टिकट देता है तो पूरी निष्ठा के साथ पार्टी प्रत्याशी को विजयी बनाया जाएगा और स्व. वीरभद्र सिंह के प्रति यही सच्ची श्रद्धांजलि होगी कि अर्की से कांग्रेस का प्रत्याशी जीत दर्ज करे।
राजेंद्र ठाकुर ने आरोप लगाया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर कुछ समय पहले अर्की आए थे और कई घोषणाएं की गई, लेकिन हैरानी की बात है कि उसमें से एक भी घोषणा को कैबिनेट की मंजूरी नहीं मिल पाई, यहां तक कि अर्की के सायर मेले को राज्यस्तरीय मेला घोषित करने की अधिसूचना जारी नहीं हो पाई। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता अर्की में ऐसी 10 योजनाएं गिना दें, जो पूरी हुई हैं, जबकि वह स्व. वीरभद्र सिंह द्वारा करवाए गए हर विकास पर भाजपा नेताओं के साथ किसी भी मंच पर बहस के लिए तैयार हैं। इस मौके पर प्रदेश प्रवक्ता अमन सेठी और अर्की कांग्रेस मंडल के उपाध्यक्ष रंजीत पाल भी मौजूद थे।