14 नवंबर को सजेगा ‘अग्रसेन ग्लोबल आइकॉन अवॉर्ड्स’ का भव्य मंच, देश-विदेश की 51 हस्तियां होंगी सम्मानित

Baddi + Doon Others

स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज को वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, यूके (लंदन) के प्रमाणपत्र से किया जाएगा सम्मानित; दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल होंगे विशिष्ट अतिथि
प्रदीप मित्तल के नेतृत्व में अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन की पहल, सुमित सिंगला ने दी समारोह की विस्तृत जानकारी

Dnewsnetwork

Baddi 10 नवम्बर अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन द्वारा आगामी 14 नवंबर को भव्य ‘अग्रसेन ग्लोबल आइकॉन अवॉर्ड्स’ समारोह का आयोजन किया जाएगा। संगठन के राष्ट्रीय चेयरमैन प्रदीप मित्तल के नेतृत्व में आयोजित होने वाले इस प्रतिष्ठित समारोह में देश-विदेश की 51 ऐसी विशिष्ट हस्तियों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने खेल, उद्योग, सामाजिक सेवा, राजनीति, पत्रकारिता सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर समाज और राष्ट्र का गौरव बढ़ाया है।

समारोह में परम पूज्य गीता मनीषी महामंडलेश्वर स्वामी श्री ज्ञानानंद जी महाराज मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। वहीं, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता एवं हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल विशिष्ट अतिथि के रूप में समारोह की शोभा बढ़ाएंगे।

स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज को मिलेगा विशेष सम्मान

समारोह का प्रमुख आकर्षण परम पूज्य स्वामी श्री ज्ञानानंद जी महाराज का विशेष सम्मान होगा। उन्हें सनातन धर्म, श्रीमद्भगवद्गीता के दिव्य संदेश, कर्मयोग तथा भारतीय संस्कृति के देश-विदेश में प्रचार-प्रसार के लिए दिए गए अतुलनीय योगदान के सम्मानस्वरूप वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, यूके (लंदन) की ओर से प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा। यह सम्मान वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, यूके के हिमाचल प्रदेश एवं चंडीगढ़ अध्यक्ष सुमित सिंगला द्वारा प्रदान किया जाएगा।

इस संबंध में अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन के सह-प्रचार मंत्री, ट्राइसिटी प्रभारी एवं हिमाचल प्रदेश अध्यक्ष सुमित सिंगला ने बताया कि स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज ने श्रीमद्भगवद्गीता के शाश्वत संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में ऐतिहासिक योगदान दिया है। उनके प्रयासों से देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी लाखों लोग गीता के ज्ञान, कर्मयोग, आध्यात्मिक चेतना और सकारात्मक जीवन मूल्यों से जुड़े हैं।

उन्होंने कहा कि स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज प्रसिद्ध हिंदू संत एवं आध्यात्मिक गुरु हैं। वे ‘जीओ गीता’ (GIEO GITA) तथा कुरुक्षेत्र स्थित ‘गीता ज्ञान संस्थानम्’ के प्रणेता एवं मार्गदर्शक हैं। उनके मार्गदर्शन में गीता के उपदेशों को विश्वभर में पहुंचाने के साथ-साथ मानवता, विश्व बंधुत्व और आध्यात्मिक मूल्यों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है।

सुमित सिंगला ने कहा कि स्वामी जी का सम्मान करना केवल एक संत का सम्मान नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और श्रीमद्भगवद्गीता के सार्वभौमिक संदेश का सम्मान है। वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, यूके की ओर से उन्हें प्रमाणपत्र प्रदान किया जाना सभी के लिए गौरव और प्रेरणा का विषय है।

51 प्रतिभाओं को मिलेगा सम्मान, अग्रवाल समाज को सशक्त बनाने की पहल

सुमित सिंगला ने बताया कि अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन पिछले कई दशकों से अग्रवाल समाज को एकजुट, संगठित, सशक्त एवं प्रगतिशील बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। संगठन का उद्देश्य समाज की प्रतिभाओं को उचित मंच प्रदान करना तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित कर अन्य लोगों को भी समाज और राष्ट्रहित में बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करना है।

उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष भी संगठन द्वारा अग्रवाल समाज के 101 युवाओं एवं विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया था। इन प्रतिभाओं को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला द्वारा सम्मान प्रदान किए गए थे।

उन्होंने विश्वास जताया कि इस वर्ष आयोजित होने वाला ‘अग्रसेन ग्लोबल आइकॉन अवॉर्ड्स’ समारोह सामाजिक एकता, सेवा भावना, सांस्कृतिक गौरव और प्रतिभाओं के प्रोत्साहन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। समारोह के माध्यम से समाज में उत्कृष्ट कार्यों को पहचान देने के साथ-साथ नई पीढ़ी को सकारात्मक सोच और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित किया जाएगा।

Latest News