DNN सोलन
हिमाचल प्रदेश विद्युत बोर्ड लिमिटिड द्वारा उन उपभोक्ताओं के विद्युत कनेक्शन काट दिए जाएंगे, जिन्होंने इस वर्ष मई में अपने बिजली के बिल जमा नहीं करवाएं हैं। यह जानकारी प्रदेश विद्युत बोर्ड निगम लिमिटिड के सहायक अभियंता मुनीष कुमार आर्य ने दी। उन्होंने कहा कि बिल जमा न करवाए जाने की स्थिति में काटे जाने वाले कनेक्शनों की कुल संख्या 854 है। उपभोक्ताओं द्वारा जमा न करवाई गई कुल राशि 16,47,320 रुपए है। इनमें 532 घरेलू उपभोक्ता हैं।
इनकी कुल राशि 6,57,313 रुपए है। कुल उपभोक्ताओं में से 305 व्यवसायिक उपभोक्ता हैं। इनकी कुल राशि 9,07,491 रुपए है, अन्य 17 उपभोक्ताओं की राशि 82,516 रुपए है। उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से आग्रह किया है कि वे अपने बिल 27 जून, 2018 तक जमा करवा दें। इस दिन एक काउंटर सेर चिराग (जौणाजी) और एक काउंटर ब्रूरी में भी लगाया जाएगा। उन्होंने उपभोक्ताओं से आग्रह किया कि अपने बिजली बिल जमा करवाने के साथ-साथ वे अपने मोबाइल नंबर भी कार्यालय में दर्ज करवा दें। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता अपने बिल पेटीएम द्वारा भी जमा करवा सकते हैं।


















