DNN चंबा
सोशल मीडिया का उपयोग रचनात्मक दृष्टि से किया जाए तो यह विद्यार्थियों के लिए सहायक साबित हो सकता है। वहीं दूसरी ओर अध्यापकों को सोशल मीडिया के दुष्प्रभावों को लेकर भी विद्यार्थियों को जागरूक करना चाहिए। विधानसभा उपाध्यक्ष हंसराज आज चुराह विधानसभा क्षेत्र के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कियानी के वार्षिक समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए अपने संबोधन के दौरान बोल रहे थे। हंसराज ने कहा कि मात्र डिग्रियां हासिल कर लेने से कोई भी व्यक्ति प्रतिष्ठित नहीं बन सकता । यदि हम अपने बड़े -बुजुर्गों और गुरुजनों का सम्मान नहीं कर सकते तो फिर डिग्रियों का कोई औचित्य नहीं रह जाता।
विधानसभा उपाध्यक्ष ने कहा कि कियानी स्कूल बीते कई दशकों से शिक्षा की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण केंद्र रहा है। स्कूल से शिक्षा ग्रहण करने वाले कई विद्यार्थी आगे चलकर बड़े पदों पर भी सेवारत रहे। स्कूल की चारदीवारी के निर्माण की मांग को लेकर विधानसभा उपाध्यक्ष ने कहा कि स्कूल प्रबंधन समिति चारदीवारी के निर्माण का प्राक्कलन तैयार करवाए, आवश्यक धनराशि मंजूर कर दी जाएगी।
वर्तमान सरकार के कार्यकाल के दौरान चुराह विधानसभा क्षेत्र में हुए विकास की चर्चा करते हुए हंसराज ने कहा कि अब तक 35 से अधिक सड़कें लोगों के लिए बनाई जा चुकी हैं । चुराह विधानसभा क्षेत्र के निचले हिस्से में भी संपर्क सड़कों के नेटवर्क को लेकर कार्य प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि इस छोटी सी अवधि में चुराह के लिए अलग से सब जज कोर्ट के अलावा लोक निर्माण और आईपीएस के मंडल कार्यालय मिलना और अस्पताल का दर्जा बढ़ना अभूतपूर्व उपलब्धियां हैं। इन्हें मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इस क्षेत्र के लोगों के लिए उपलब्ध करवाया है ताकि लोगों की दिक्कतें आसान हो सकें।
विधानसभा उपाध्यक्ष ने कहा कि सरकार विद्यार्थियों के लिए कई छात्रवृत्ति योजनाएं भी चला रही है। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि चंबा जिला में गत 2 वर्षों के दौरान नवी और दसवीं कक्षा के 26 हजार विद्यार्थियों को निशुल्क किताबें वितरित की गई। इसी अवधि में 25920 विद्यार्थियों को विभिन्न छात्रवृति योजनाओं के तहत 3 करोड़ 88 लाख रुपए की राशि प्रदान की जा चुकी है। हंसराज ने स्कूल में सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए अपनी ऐच्छिक निधि से 51 हजार की राशि प्रदान करने की भी घोषणा की।
इससे पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष ने दीप प्रज्वलित करके समारोह का विधिवत शुभारंभ किया। स्कूल की प्रिंसिपल रजनी बिजलवान ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की।
स्कूल के छात्र और छात्राओं द्वारा समारोह के दौरान आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुतियां पेश की गई जिन्हें खूब सराहा गया।















