DNN मण्डी
मण्डी जिला के बल्ह विधानसभा क्षेत्र के अन्तर्गत रिवाल्सर में आज एक विशाल जनसमूह को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश शीघ्र ही देश का ऐसा पहला राज्य बनने जा रहा है, जहां प्रत्येक घर में एलपीजी कनेक्शन होगा। राज्य सरकार ने इसके लिए हिमाचल गृहिणी सुविधा योजना आरम्भ की है जिसके अन्तर्गत उन घरों को गैस चूल्हा और सिलैण्डर प्रदान किए जा रहे हैं, जो अभी तक इस सुविधा से वंचित हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में गौ-वंश के संरक्षण और गौ-सदनों के निर्माण के लिए धनराशि जुटाने के लिए सरकार ने कदम उठाए हैं। गौ-सदनों के निर्माण एवं रखरखाव के लिए शराब की प्रत्येक बोतल पर एक रुपये का टैक्स लगाया गया है। उन्होंने घोषणा की कि गौ-वंश के संरक्षण के लिए प्रदेश में शीघ्र ही एक आयोग का गठन किया जाएगा।
जय राम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री बनने के उपरान्त बल्ह क्षेत्र के उनके पहले दौरे के दौरान लोगों ने जिस उत्साह के साथ उनका अभिन्नदन किया उसके लिए वह उनके आभारी हैं। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश के समग्र विकास के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। बहुत लम्बे इन्तजार के बाद मण्डी जिला को प्रदेश के नेतृत्व का अवसर मिला है जिसके लिए जिला के लोग प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के आभारी हैं।
उन्होंने लोगों का आह्वान किया कि आगामी लोक सभा चुनावों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भरपूर सहयोग दें। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार ने 14 खरीफ फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य में वृद्धि का ऐतिहासिक निर्णय लिया है जिससे वर्ष 2022 तक किसानों की आय दोगुना करने में सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का छः महीनों का कार्यकाल उपलब्धियों भरा रहा है। विपक्ष के कुछ नेता उनके दिल्ली दौरों को लेकर अनावश्यक शोर-शराबा कर रहे थे, लकिन अब जबकि राज्य को 4365 करोड़ रुपये की केन्द्रीय सहायता मिली है, तो अब उनके पास कुछ भी कहने के लिए नही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग की बेहतरी के लिए प्रदेश सरकार ने कई प्रमुख निर्णय लिए हैं। मंत्रिमण्डल की पहली ही बैठक में बिना किसी आय सीमा के वृद्धावस्था पेंशन प्राप्त करने की आयु सीमा को 80 वर्ष से घटाकर 70 वर्ष किया गया। सरकार के पहले बजट में 30 नई योजनाओं को सम्मिलित किया गया जो अपने आप में रिकॉर्ड है और विपक्षी दलों ने भी बजट की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पर्यटन विकास की बहुत सम्भावनाएं हैं, लेकिन इस दिशा में कोई कदम नही उठाया गया। पहली बार सरकार ने पर्यटन क्षेत्र के लिए 50 करोड़ रुपये के बजट का प्रावधान किया है। राज्य सरकार ने पर्यटकों की सुविधा के लिए अपने हैलीकैप्टर को सप्ताह में तीन बार हैली टैक्सी के रूप में उपयोग में लाने का निर्णय लिया है।
उन्होंने राज्य में हवाई अड्डे के निर्माण का मामला केन्द्र सरकार से उठाया है, जिसके लिए भूमि चिन्हित कर ली गई है और इसका निर्माण बल्ह निर्वाचन क्षेत्र में किया जाएगा। जय राम ने कहा कि रिवाल्सर को पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जाएगा, क्योंकि यह तीन धर्मों के अनुयायियों का स्थल है। रिवाल्सर को पर्यटन सर्किट के रूप में उभारने के लिए एशियाई विकास बैंक की योजना स्वीकृत की जाएगी। उन्होंने कहा कि ब्रिक्स ने बल्ह के लिए 42 करोड़ रुपये की पेयजल आपूर्ति योजना स्वीकृत की है।


















