राज्य सरकार ने की सात दिनों के राज्य शोक तथा दो दिन के अवकाश की घोषणा

Himachal News Others Shimla

DNN शिमला
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर हिमाचल प्रदेश में शोक की लहर है। हिमाचल सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के दुःखद निधन के कारण सात दिन के राज्य शोक की घोषणा की है। इस दौरान राष्ट्रीय ध्वज आधा झूका रहेगा। राज्य सरकार ने श्री वाजपेयी जी के सम्मान में 17 व 18 अगस्त, 2018 को दो दिन के सार्वजनिक अवकाश की भी घोषणा की है।

मुख्यमंत्री ने किया पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी के दुःखद निधन पर शोक व्यक्त

मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने भारत के पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी के दुःखद निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने नई दिल्ली के एम्स में आज अंतिम सांस ली। वह93 वर्ष के थे।

अपने शोक सन्देश में मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री वाजपेयी एक महान राजनेता तथा दूरदर्शी नेता थे, जिनका देहावसान राष्ट्र के लिए एक महान क्षति है। उन्होंने कहा कि श्री वाजपेयी ने हमेशा ही हिमाचल प्रदेश को अपना दूसरा घर माना है और कुल्लू जिले के प्रीणी में भी उनका घर है। उन्होंने कहा कि राज्य के लोग श्री वाजपेयी जी की हिमाचल प्रदेश तथा यहां के लोगों के प्रति उदारता और विशेष लगाव को हमेशा याद करेंगे और उनका निधन हिमाचल प्रदेश राज्य के लिए निजी तौर पर एक बड़ी क्षति है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि साल के अधिकांश समय शेष विश्व से कटी रहने वाली दुर्गम लाहौल घाटी के लिये रोहतांग सुरंग के निर्माण का विचार 1998 में श्री वाजपेयी जी के मन में आया था। उन्होंने इस परियोजना के निर्माण की घोषणा 3 जून, 2000 को की थी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना पूरी होने पर है और यह राज्य के लिये वाजपेयी जी का सबसे बड़ा उपहार होगा।

राज्यपाल आचार्य देवव्रत

राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने भारत रत्न और पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। अपने शोक संदेश में राज्यपाल ने कहा कि श्री वाजपेयी सही अर्थों में भारत के रत्न थे, जिन्होंने अपनी सादगी, विनम्रता व अपनेपन से सभी के दिलों पर राज किया। उन्होंने हमेशा मूल्यों पर आधारित राजनीति की और उदारवादी नेता व सर्वमान्य नेता के रूप में अपनी अलग पहचान बनाई। उनके प्रति इतना आकर्षण था कि देशवासियों के दिलों में उनका सम्मान हमेशा बना रहा।

राज्यपाल ने कहा कि आज देश ने एक महान व्यक्तित्व और एक कदावर नेता खो दिया है। उनके निधन से जो शून्यता आ गई है, उसकी भरपाई कर पाना कठिन है। देश को एक राजनेता व प्रधानमंत्री के रूप में उनके द्वारा दी गई सेवाओं व योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।

प्रदेश मंत्रिमण्डल

प्रदेश मंत्रिमण्डल में सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य मंत्री महेन्द्र सिंह, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री किशन कपूर, शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्धाज, ऊर्जा मंत्री अनिल शर्मा, शहरी विकास मंत्री सरवीण चौधरी, कृषि मंत्री डॉ. राम लाल मारकण्डा, स्वास्थ्य मंत्री विपिन सिंह परमार, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेन्द्र कंवर, उद्योग मंत्री विक्रम सिंह, वन एवं परिवहन मंत्री गोविन्द सिंह तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री राजीव सैजल ने भारत रत्न और पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। अपने शोक संदेश में उन्होंने कहा कि श्री वाजपेयी का हिमाचल प्रदेश के लोगों के प्रति लगाव व विकास में दिए गए अभूतपूर्व योगदान को प्रदेश के लोग हमेशा याद रखेंगे। उन्होंने कहा कि श्री वाजपेयी का हिमाचल से उनका विशेष नाता था तथा वे प्रदेश को वह अपना दूसरा घर समझते थे। उन्होंने परमपिता परमेश्वर से उनकी आत्मा की शांति की प्रार्थना की है।

News Archives

Latest News