DNN ऊना
नेहरु युवा केंद्र ऊना ने आज बचत भवन ऊना में आस-पड़ोस युवा सांसद कार्यक्रम का आयोजन किया, जिसकी अध्यक्षता उपायुक्त संदीप कुमार ने की। इस अवसर पर डीसी ने युवाओं से समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को ईमानदारी के साथ निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज सेवा में युवाओं को अधिक से अधिक योगदान देना चाहिए और देश हित के कार्यों में जिला प्रशासन हमेशा युवाओं के साथ है।
इस कार्यक्रम में जिला ऊना के 40 युवा मंडलों के लगभग 130 युवाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के पहले सत्र में आर्ट ऑफ़ लिविंग से कुमारी स्वाति शुक्ला ने युवाओं को पांचवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के लिए योग-साधना का पूर्वाभ्यास करवाया। दूसरे सत्र में जिला आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुशील नाग ने युवाओं को आयुर्वेदिक चिकित्सा एवं योग क्रिया का अभ्यास करवाया तथा 21 जून को होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। इसके बाद क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी एम.एल. धीमान ने युवाओं को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों की विस्तार से जानकारी दी।
नेहरु युवा केंद्र संगठन द्वारा चलाए गए स्वच्छ भारत मिशन में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले अंबेदकर युवा मंडल धुसाड़ा को उपायुक्त संदीप कुमार ने 30,000 रुपए एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। दूसरे स्थान पर रहे बाबा सिद्ध चनो क्लब चतेहर को 20,000 एवं प्रमाण पत्र तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले एकता युवा मंडल हथलोन को 10,000 एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त रक्तदान करने वाले युवाओं को भी पुरस्कृत किया गया।















