DNN सोलन
सोलन में पुलिस कर्मचारी को ड्यूटी के दौरान धक्का मारने व फरार होने पर पुलिस ने पंजाब के 5 युवकों के खिलाफ मामला दर्ज करके उन्हें गिरफ्तार किया है। सोलन के एसएसपी मधुसूदन शर्मा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने जानकारी दी कि घटना चंबाघाट में घटी।
पुलिस के अनुसार यातायात पुलिस में तैनात कुलदीप सिंह अपनी ड्यृटी पर चंबाघाट में मौजूद था। यहां पर फोरलेन निर्माण के कारण यातायात जाम लगा हुआ था। कुलदीप को यातायात प्रभारी ने वायरलैस सैट पर सूचना दी कि एक कार जिसे उसने स्वयं रुकने का इशारा किया, लेकिन वह नहीं रुकी गलत दिशा में चली हुई चंडीगढ़ की ओर जा रही है। कार को रोका जाए ताकि आगे से आ रही गाड़ी से इसकी टक्कर न हो। इस सूचना पर जैसे ही वाहन कुलदीप के पास पहुंचा तो इसने इसे रुकने का इशारा किया, लेकिन कार चालक ने गाड़ी को थोडा धीरे किया और अचानक से वाहन को तेजी से चला दिया। इस दौरान कार में पिछली सीट पर बैठे व्यक्ति ने कुलदीप को वर्दी से खींच कर धक्का दिया। इसके कारण कुलदीप सिंह सड़क पर गिर गया और वाहन में सवार युवकों ने इसे गालियां भी दी। इसके बाद कार चालक वाहन लेकर पुराने बस स्टेंड की ओर भागे। पुलिस ने शहर पुलिस चौकी को वाहन रोकने की सूचना दी। जिसके बाद पुलिस ने तुरंत नाका लगाकर सिटी चौकी के पास इन्हें रोका। पुलिस ने पाया कि वाहन में करण दीप सिंह, कुणाल ओबराय, उदय मदान, सागर ओबरॉय व तनुष करारा निवासी पंजाब सवार थे और इन्होंने जानबूझकर यातायात पुलिस कर्मचारी को धक्का दिया और पुलिस कर्मचारी के इशारे पर वाहन नहीं रोका। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करके सभी को गिरफ्तार कर लिया है।















