मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना के तहत लोदीमाजरा में विधायक ने किया जन संवाद

Baddi + Doon Politics

Dnewsnetwork
दून के विधायक राम कुमार चौधरी ने आज ग्राम पंचायत लोदीमाजरा में आयोजित विधायक जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत लोदीमाजरा, ढेला एवं ठाना के क्षेत्रवासियों से सीधा संवाद किया। उन्होंने स्थानीय लोगों की विभिन्न समस्याओं को सुना तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को इनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
राम कुमार चौधरी जनसंवाद के दौरान ने प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजना ‘अपना परिवार, सुखी परिवार’ के तहत चल रही बीपीएल परिवार चयन प्रक्रिया के बारे में लोगों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य पात्र परिवारों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर उन्हें सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है। उन्होंने लोगों को योजना के तहत मिलने वाले लाभ, पात्रता तथा आवेदन की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा निर्धारित पात्रता एवं मापदंडों को पूरा करने वाले परिवारों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया जा रहा है। इनमें 75 हजार रुपये तक वार्षिक आय वाले पात्र परिवारों के लिए पेंशन, 300 यूनिट तक निःशुल्क बिजली तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि जिन परिवारों में 27 से 59 वर्ष की आयु के बीच कोई कमाने वाला सदस्य नहीं है अथवा जिनकी वार्षिक आय निर्धारित सीमा के अंतर्गत है, वे सरकार द्वारा तय अन्य पात्रता एवं शर्तों को पूरा करने की स्थिति में चयन प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं।
विधायक ने पात्र परिवारों से आग्रह किया कि वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ 20 सितंबर, 2026 से पहले संबंधित पंचायत सचिव, खंड विकास अधिकारी कार्यालय व उपमंडलाधिकारी कार्यालय में अपनी आवेदन प्रक्रिया पूरी करें। उन्होंने कहा कि बीपीएल परिवार चयन प्रक्रिया के अंतिम चरण में पात्र परिवारों को आवेदन करने का अवसर दिया जा रहा है। इसलिए पात्र परिवार अंतिम तिथि का इंतजार न करते हुए समय रहते संबंधित ग्राम पंचायत अथवा विभागीय अधिकारियों से संपर्क कर आवेदन जमा करवाएं, ताकि उन्हें सरकार की योजनाओं का लाभ मिल सके।
राम कुमार चौधरी ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ सही पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से पंचायत स्तर पर जागरूकता एवं जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें लोगों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनकी शंकाओं का समाधान भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनता की भागीदारी से ही कल्याणकारी योजनाओं का लाभ व्यापक स्तर तक पहुंचाया जा सकता है।
विधायक ने कार्यक्रम में लोगों की जन समस्याएं भी सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर इनके समाधान के निर्देश दिए।
इस अवसर पर खण्ड कांग्रेस समिति दून के अध्यक्ष कुलतार ठाकुर, ज़िला कांग्रेस उपाध्यक्ष भागचंद शर्मा, खंड विकास अधिकारी नालागढ़ अरविंद कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी तथा विभिन्न पंचायतों के प्रधान, उप प्रधान, वार्ड पंच, पूर्व प्रधान एवं उप प्रधान उपस्थित थे।

Latest News