महिला की हत्या के मामले में पति के बाद अब ससुर को भी गिरफ्तार

Crime Solan

DNN सोलन

सोलन के क्लीन में कुछ दिनों पहले हुई महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके पति के बाद अब ससुर को भी गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान पुलिस ने इस मामले में मृतक महिला के ससुर की संलिप्तता पाई है। जांच में पुलिस ने यह भी पाया कि महिला की मौत गला दबाने से हुई थी। एसपी गौरव सिंह ने यह जानकारी देते हुए बताया कि कुछ दिनों पहले पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि अस्पताल सोलन में एक महिला को मृत अवस्था में लेकर आए है। जिसपर प्रभारी पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची जहां पर एक महिला रशमी निवासी क्लीन को मृत अवस्था में इसके परिजन क्षेत्रीय अस्पताल सोलन लाए थे। शव का निरीक्षण करने के बाद कार्रवाई शुरू की गई। मृतिका के मायके के लोग बिजनौर उत्तर प्रदेश में रहते है इनसे पुलिस ने संपर्क किया और उनके आने तक शव का पोस्टमार्टम नहीं किया गया। मृतिका के परिजनों के आने के पश्चात शव का निरीक्षण किया गया तथा पाया कि मृतिका के गले में खरोंच के निशान हैं तथा चिकित्साधिकारी ने शव को पोस्टमार्टम आईजीएमसी शिमला के लिए भेजा है।

अस्पताल में मृतिका के भाई ने अपना ब्यान दर्ज करवाया जिसमें मौके पर शक जताया गया है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया है। मामले में संदेह के आधार पर मृतिका के पति अश्वनी को पूछताछ के लिए डिटेन करके पूछताछ की गई और इस दौरान आरोपी ने यह बात कबूल की कि उसकी पत्नी व उसके बीच किसी बात को लेकर लड़ाई झगड़ा हुआ था और इसी दौरान उसकी हत्या कर दी। इस मामले की जांच को आगे बढ़ते हुए पुलिस ने मृतक महिला के बच्चों आसपास के लोगों व परिवार के सदस्यों से पूछताछ की। जिस के बाद जांच में पाया कि आरोपी का पिता राकेश कुमार निवासी क्लीन व माता जो नगर निगम में कूड़ा उठाने के काम करते हैं । दोनों ने सुबह नगर निगम कार्यालय में हाजिरी लगाई थी तथा अपने अपने काम पर डोर टू डोर कूड़ा उठाने चले गए। जांच के दौरान मृतिका के दोनों बच्चों से भी नियमानुसार पूछताछ की गई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का अवलोकन करने पर पाया गया कि मृतिका की मृत्यु हाथ से गला दबाने से हुई है तथा उसके होंठ अथवा नाक के पास खून भी पाया गया। जांच के दौरान परिवार के सभी लोगों के काल डिटेल, लोकेशन डाटा व क्लीन के आसपास इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों का लगातार पुलिस टीम द्वारा अवलोकन किया गया। जिस के बाद जांच में पाया गया कि मृतिका के ससुर राकेश कुमार नगर निगम कार्यालय में हाजिरी लगाने के पश्चात जैसे ही वार्ड नंबर 12 में कूड़ा उठाने के लिए गया तो वहां से अचानक अपने घर स्थित वार्ड न0 13 में आ गया जिसपर संदेह होने पर उससे पुलिस हिरासत में गहनता से पूछताछ की गई । सभी साक्ष्यों के आधार पर इस मामले में पहले से गिरफ्तार अशवनी कुमार के पिता राकेश कुमार की भी हत्या में संलिप्ता पाई जाने पर उसे भी गिरफ्तार किया गया है।आरोपियों से पुलिस हिरासत में लगातार पूछताछ की जा रही है।

News Archives

Latest News